home page

अन्नपूर्णा योजना पर दिलीप घोष का तंज, आत्महत्या के कारणों की जांच पर जोर

 | 
अन्नपूर्णा योजना पर दिलीप घोष का तंज, आत्महत्या के कारणों की जांच पर जोर


खड़गपुर, 23 अगस्त (हि. स.)। पश्चिम बंगाल के मंत्री दिलीप घोष ने मालदा के गाजोल में अन्नपूर्णा योजना की राशि नहीं मिलने के कारण एक महिला द्वारा आत्महत्या किए जाने के परिवार के दावे पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि राज्य में हर मामले में आत्महत्या की घटनाएं सामने आ रही हैं। इसलिए यह जांचने की जरूरत है कि आखिर कौन और किस कारण से आत्महत्या कर रहा है।

रविवार सुबह प्रातः र्भ्रमण के बाद दिलीप घोष खड़गपुर के बोगदा में आयोजित चाय-चर्चा में शामिल हुए। इसी दौरान उन्होंने कहा कि यहां हर चीज में आत्महत्या की घटना है। मतदाता सूची में नाम नहीं होने पर भी आत्महत्या, एसआईआर में नाम नहीं होने पर भी आत्महत्या। कौन क्यों आत्महत्या कर रहा है, इसकी थोड़ी जांच कीजिए।

दरअसल, मालदा जिले के गाजोल के बचाहर गांव में शनिवार दोपहर 30 वर्ष के आसपास की अनीता खातून का शव फंदे से लटका मिला था। परिवार का आरोप है कि अन्नपूर्णा योजना की राशि नहीं मिलने के कारण वह मानसिक तनाव में थीं और उन्होंने आत्महत्या कर ली।

परिवार के अनुसार, अनीता को पहले लक्ष्मी भंडार योजना का लाभ मिलता था। अन्नपूर्णा योजना के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन आवेदन करने के बावजूद उन्हें राशि नहीं मिली।

इस घटना को लेकर राज्य में राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप भी शुरू हो गया है। इसी मामले पर दिलीप घोष ने प्रतिक्रिया देते हुए आत्महत्या के कारणों की जांच करने की बात कही।

अन्नपूर्णा योजना की राशि नहीं मिलने को लेकर जारी विरोध के बीच शनिवार को मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने भवानीपुर में लाभार्थियों के साथ संवाद किया। उन्होंने कहा कि इस महीने एक करोड़ 45 लाख महिलाओं को राशि दी गई है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि 20 से 30 लाख और महिलाएं योग्य हैं तो उन्हें भी योजना का लाभ देने की व्यवस्था की जाएगी।

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि 31 जुलाई तक आवेदन करने वाली योग्य महिलाएं पोर्टल पर आवेदन करें। उन्होंने बताया कि भाजपा कार्यकर्ता आवेदन प्रक्रिया में उनकी सहायता करेंगे।

साथ ही उन्होंने कहा कि प्रत्येक जिले में अन्नपूर्णा योजना के लाभार्थियों को एकत्र किया जाएगा और कोलकाता में एक लाख लाभार्थियों के साथ सभाब आयोजित की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता