चंदननगर अस्पताल में डिजिटल एक्स-रे सेवा शुरू, विधायक दीपांजन गुहा ने किया उद्घाटन
हुगली, 06 नवंबर (हि. स.)। मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से हुगली जिले के चंदननगर अस्पताल में डिजिटल एक्स-रे सेवा शुरू की गई। शुक्रवार को अस्पताल परिसर में नई डिजिटल एक्स-रे मशीन का औपचारिक उद्घाटन चंदननगर के विधायक दीपांजन गुहा ने किया।
नई मशीन के शुरू होने से अस्पताल में इलाज कराने आने वाले मरीजों को एक्स-रे जांच की सुविधा पहले से बेहतर मिलेगी। आधुनिक डिजिटल तकनीक के जरिए कम समय में जांच रिपोर्ट उपलब्ध होने के साथ ही बीमारी की पहचान करने में चिकित्सकों को भी सहूलियत होगी।
विशेष रूप से चंदननगर अस्पताल पर निर्भर रहने वाले बड़ी संख्या में आम लोगों को इस सुविधा का लाभ मिलेगा। सरकारी अस्पतालों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की दिशा में इसे महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
उद्घाटन समारोह में अस्पताल के चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। नई सेवा शुरू होने से मरीजों और उनके परिजनों में खुशी देखी गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

