home page

निम्न दबाव से दीघा सहित तटीय पर्यटन स्थलों पर संकट, होटलों में कैद पर्यटक

 | 
निम्न दबाव से दीघा सहित तटीय पर्यटन स्थलों पर संकट, होटलों में कैद पर्यटक


पूर्व मेदिनीपुर, 28 जुलाई (हि.स.)। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के प्रभाव से दक्षिण बंगाल में जारी वर्षा और तेज हवाओं ने पूर्व मेदिनीपुर के समुद्री पर्यटन स्थलों की रौनक फीकी कर दी है। मंगलवार सुबह से ही तूफानी बारिश के वजह से दीघा, शंकरपुर, मंदारमणि और ताजपुर में समुद्र अत्यधिक उफान पर होने के कारण पर्यटक होटलों में ही रहने को विवश हैं।

अलीपुर मौसम विभाग के अनुसार, निम्न दाब के प्रभाव से क्षेत्र में लगातार वर्षा हो रही है। ज्वार के कारण समुद्र का जल सामान्य से अधिक भीतर तक पहुंच गया है, जिससे समुद्र तट पर जाना और समुद्र स्नान करना जोखिमपूर्ण हो गया है। स्थानीय प्रशासन ने पर्यटकों को समुद्र तट पर अनावश्यक भीड़ नहीं लगाने तथा सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी है।

प्रतिकूल मौसम के कारण पर्यटकों की समुद्र स्नान, समुद्र तट पर भ्रमण, सूर्योदय और सूर्यास्त देखने सहित अन्य पर्यटन योजनाएं प्रभावित हुई हैं। अधिकांश पर्यटक दिनभर होटल के कमरों में समय बिताने को मजबूर हैं।

मौसम विभाग ने राहत की संभावना भी जताई है। पूर्वानुमान के अनुसार बुधवार से वर्षा की तीव्रता में कमी आ सकती है। निम्न दाब का प्रभाव कमजोर पड़ने के साथ तटीय क्षेत्रों की स्थिति में धीरे-धीरे सुधार होने की संभावना है, जिससे सप्ताह के मध्य तक पर्यटन गतिविधियां सामान्य होने की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता