home page

दूसरे चरण के मतदान से पूर्व दीघा में पर्यटकों पर कोई पाबंदी नहीं

 | 
दूसरे चरण के मतदान से पूर्व दीघा में पर्यटकों पर कोई पाबंदी नहीं


पूर्व मेदिनीपुर, 26 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में 29 अप्रैल को होने वाले दूसरे चरण के मतदान को लेकर दीघा में पर्यटकों के प्रवेश पर किसी प्रकार की रोक नहीं लगाई जा रही है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पूर्व मेदिनीपुर में मतदान पहले चरण में ही संपन्न हो चुका है, इसलिए अब पर्यटकों के होटल में ठहरने या समुद्र तट पर आने पर कोई प्रतिबंध नहीं है।

उल्लेखनीय है कि 23 अप्रैल को राज्य में पहले चरण का मतदान हुआ था, जिसमें पूर्व मेदिनीपुर भी शामिल था। मतदान से पहले चुनाव आयोग ने 21 अप्रैल से दीघा, मंदारमणि और ताजपुर में बाहरी पर्यटकों के होटल में ठहरने पर अस्थायी प्रतिबंध लगाया था। हालांकि मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया।

दूसरे चरण के मतदान को लेकर यह आशंका जताई जा रही थी कि क्या दीघा में फिर से प्रतिबंध लागू होगा। इस पर होटल व्यवसायियों और जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल ऐसी कोई नई गाइडलाइन जारी नहीं की गई है।

ओल्ड दीघा के एक होटल मालिक राजकुमार घोष ने बताया कि पहले चरण के चुनाव से पहले बाहरी लोगों के होटल में ठहरने पर रोक लगाई गई थी, लेकिन दूसरे चरण के लिए अब तक कोई निर्देश नहीं मिला है और होटल में बुकिंग जारी है।

दीघा-शंकरपुर होटलियर्स एसोसिएशन के संयुक्त सचिव विप्रदास चट्टोपाध्याय ने भी कहा कि पर्यटकों के ठहरने पर किसी प्रकार की रोक संबंधी कोई सूचना उन्हें प्राप्त नहीं हुई है।

पूर्व मेदिनीपुर के जिलाधिकारी निरंजन कुमार ने बताया कि जिले में दूसरे चरण में मतदान नहीं है, इसलिए पर्यटकों के प्रवेश या होटल में ठहरने पर कोई प्रतिबंध नहीं लगाया गया है।

गौरतलब है कि पूरे साल दीघा में पर्यटकों की अच्छी भीड़ रहती है। हाल में जगन्नाथ मंदिर बनने के बाद यहां पर्यटकों की संख्या और बढ़ी है। चार मई को चुनाव परिणाम आने के बाद तथा माध्यमिक और उच्च माध्यमिक परीक्षा के नतीजों और गर्मी की छुट्टियों के दौरान पर्यटकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद होटल व्यवसायी जता रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता