home page

दुर्गापूजा से पहले दीघा में सुरक्षा बढ़ी, सौ पुलिसकर्मी और बचावकर्मी होंगे तैनात

 | 
दुर्गापूजा से पहले दीघा में सुरक्षा बढ़ी, सौ पुलिसकर्मी और बचावकर्मी होंगे तैनात


पूर्व मेदिनीपुर, 30 सितंबर (हि.स.)। दुर्गापूजा से पहले दीघा में पर्यटकों की सुरक्षा बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी गई है। एक अक्टूबर से दीघा के समुद्र तट पर पुलिस, सिविक वॉलंटियर, नुलिया और बचाव दल की संख्या बढ़ाकर करीब 100 की जाएगी। समुद्र में बचाव कार्य के लिए नई स्पीडबोट भी तैनात की जाएगी।

पिछले कुछ महीनों में दीघा के समुद्र में नहाने के दौरान डूबने और लापता होने की कई घटनाएं हुई हैं। दुर्गापूजा के दौरान पर्यटकों की संख्या बढ़ने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने का फैसला किया है।

बुधवार जिलाधिकारी निरंजन कुमार ने पर्यटकों से समुद्र में सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पर्यटक दीघा में आनंद लें, लेकिन उनकी लापरवाही से कोई दुर्घटना नहीं होनी चाहिए। पर्यटकों को अपनी सुरक्षा के प्रति भी जागरूक रहना होगा।

पुलिस अधीक्षक अंशुमान साहा ने बताया कि अभी करीब 60 से 65 पुलिसकर्मी, सिविक वॉलंटियर, नुलिया और बचावकर्मी तैनात हैं। एक अक्टूबर से इनकी संख्या बढ़ाकर करीब 100 कर दी जाएगी। सभी को विशेष प्रशिक्षण भी दिया गया है। समुद्र में डूबने वाले पर्यटकों को बचाने और आपात स्थिति में तत्काल सहायता पहुंचाने का प्रशिक्षण दिया गया है।

समुद्र तट पर माइक से लगातार पर्यटकों को सावधान किया जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि दुर्गापूजा के दौरान बड़ी संख्या में पर्यटकों के दीघा पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए समुद्र तट पर सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता