लगातार तीन दिन की छुट्टियों में दीघा समुद्र तट पर उमड़ा पर्यटकों का सैलाब
मेदिनीपुर, 06 जुलाई (हि.स.)। लगातार तीन दिन की छुट्टियों के कारण पश्चिम बंगाल के लोकप्रिय समुद्री पर्यटन स्थल दीघा में पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। शनिवार और रविवार के साप्ताहिक अवकाश के साथ सोमवार को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर सरकारी अवकाश होने से बड़ी संख्या में लोग दीघा पहुंचे हैं। इसके अलावा बरसात के मौसम में समुद्र में उठ रही ऊंची लहरें और ज्वार भी पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख कारण बने हुए हैं।
हालांकि, निम्न दबाव के प्रभाव से समुद्र काफी उग्र बना हुआ है। इसे देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने पर्यटकों के समुद्र में उतरने पर रोक लगा दी है। सुरक्षा के लिए दीघा थाना और दीघा मोहाना कोस्टल थाना की ओर से पूरे समुद्र तट पर लगातार माइकिंग कर लोगों को सतर्क किया जा रहा है। साथ ही, स्नान घाटों को रस्सियों से घेर दिया गया है ताकि कोई भी पर्यटक समुद्र में प्रवेश न कर सके।
दीघा-शंकरपुर होटलियर्स एसोसिएशन के संयुक्त सचिव बिप्रदास चक्रवर्ती ने बताया कि निम्न दबाव के कारण समुद्र उफान पर है। इसके बावजूद ज्वार और ऊंची लहरें देखने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक दीघा पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि रथ यात्रा तक अधिकांश होटलों में अच्छी बुकिंग बनी हुई है।
शनिवार से निम्न दबाव के प्रभाव के कारण दीघा, शंकरपुर और ताजपुर में समुद्र की ऊंची लहरें गार्डवॉल को पार कर मरीन ड्राइव तक पहुंच रही हैं। हालांकि, सिंचाई विभाग के अनुसार समुद्री तटबंध को किसी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ है।
पुलिस ने बताया मौसम सामान्य होने तक समुद्र तट पर कड़ी निगरानी जारी रहेगी, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके। प्रशासन ने पर्यटकों से अपील की है कि वे सुरक्षा निर्देशों का पालन करें और समुद्र में उतरने का प्रयास न करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

