दीघा जा रहे पर्यटकों की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त, कई घायल
पूर्व मेदिनीपुर, 11 सितंबर (हि.स.)। कोलकाता से दीघा घूमने जा रहे पर्यटकों की गाड़ी शुक्रवार को दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा दीघा-नंदकुमार 116बी राष्ट्रीय राजमार्ग पर हेंड़िया उदाखाली के पास हुआ। दुर्घटना में कोलकाता के कई पर्यटक बुरी तरह घायल हो गए।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार दोपहर पर्यटकों की गाड़ी दीघा की ओर जा रही थी। इसी दौरान चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और आगे चल रही एक स्थानीय मारुति गाड़ी के पीछे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद पर्यटकों की गाड़ी में सवार कई लोग घायल हो गए।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। जहां घायलों का इलाज चल रहा है।
हादसे के कारण 116बी राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। सड़क पर वाहनों की आवाजाही रुक गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सामान्य कराया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

