चक्रवात का असर कम होते ही रौनक लौटी, दीघा में उमड़े पर्यटक
कोलकाता, 21 नवंबर (हि.स.)। चक्रवात ‘आकवान’ का प्रभाव कम होते ही पश्चिम बंगाल के प्रमुख समुद्री पर्यटन स्थल दीघा में एक बार फिर रौनक लौटने लगी है। शनिवार सुबह से मौसम साफ रहने और धूप निकलने के बाद समुद्र तट पर पर्यटकों की भीड़ बढ़ने लगी है। सप्ताहांत की छुट्टी को देखते हुए दीघा के साथ-साथ मंदारमणि और ताजपुर में भी पर्यटकों की आवाजाही बढ़ रही है। इससे स्थानीय होटल कारोबारियों और छोटे-बड़े व्यवसायियों को राहत मिली है।
उल्लेखनीय है कि चक्रवात ‘आकवान’ के प्रभाव से पिछले तीन दिनों तक दक्षिण बंगाल के विभिन्न जिलों में लगातार बारिश और तेज हवाएं चली थीं। खराब मौसम को देखते हुए प्रशासन ने समुद्र में स्नान करने पर रोक लगा दी थी। इसके कारण दीघा का समुद्र तट लगभग पर्यटकों से खाली हो गया था। होटलों में कमरों की बुकिंग भी काफी घट गई थी। इससे होटल मालिकों के साथ स्थानीय दुकानदारों और अन्य व्यवसायियों को आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
हालांकि, मौसम में सुधार होते ही शनिवार से स्थिति बदलने लगी है। सप्ताहांत की छुट्टी बिताने के लिए पर्यटक फिर से दीघा पहुंचने लगे हैं। होटलों में बुकिंग बढ़ रही है और समुद्र तट के आसपास दुकानों पर भी चहल-पहल शुरू हो गई है।
मौसम साफ होने के बावजूद प्रशासन पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर सतर्क है। समुद्र में स्नान पर लगी रोक का पालन कराने के लिए पुलिस और प्रशासन की ओर से समुद्र तट पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। अधिकारियों का विशेष ध्यान इस बात पर है कि कोई भी पर्यटक प्रतिबंधों का उल्लंघन कर समुद्र में न उतरे।
दीघा-शंकरपुर होटल व्यवसायी संघ के संयुक्त सचिव बिप्रदास चक्रवर्ती ने बताया कि प्राकृतिक आपदा के दौरान प्रशासन की ओर से लगाई गई पाबंदियों के कारण पिछले कुछ दिनों में पर्यटकों की संख्या काफी कम हो गई थी। हालांकि, शनिवार सुबह से मौसम में सुधार होने के बाद पर्यटक फिर से दीघा पहुंचने लगे हैं। इससे स्थानीय पर्यटन कारोबार को राहत मिलने की उम्मीद है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

