home page

आरपीएफ का छापा, अवैध टिकट कारोबार में तीन गिरफ्तार

 | 
आरपीएफ का छापा, अवैध टिकट कारोबार में तीन गिरफ्तार


खड़गपुर, 23 मार्च (हि. स.)। अवैध रेलवे टिकट दलाली के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने न्यू दीघा मार्केट क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।

डिविजनल टास्क टीम, खड़गपुर को मिली गुप्त सूचना के आधार पर आरपीएफ पोस्ट दीघा के सहयोग से यह अभियान चलाया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में टीम ने न्यू दीघा मार्केट इलाके में विशेष निगरानी और जांच अभियान शुरू किया।

कार्रवाई के दौरान करीब सोमवार सुबह 11 बजे टीम ने तीन संदिग्ध व्यक्तियों को अलग-अलग दिशाओं से आकर एक होटल के पास मिलते देखा। तीनों आपस में रेलवे आरक्षण टिकटों का लेन-देन कर रहे थे। संदेह होने पर आरपीएफ ने उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की।

जांच में उनके पास से दो तत्काल आरक्षण टिकट (एक एसी व एक स्लीपर), तीन यात्रा-सह-आरक्षण टिकट, पांच भरे हुए और तीन खाली रिक्विजिशन स्लिप, दो मोबाइल फोन (सिम कार्ड सहित) तथा दो हजार 730 रुपये नकद बरामद किए गए।

पूछताछ के दौरान आरोपित वैध प्राधिकरण प्रस्तुत नहीं कर सके। उन्होंने स्वीकार किया कि दीघा के पीआरएस काउंटर से टिकट लेकर अतिरिक्त पैसे के लालच में यात्रियों को बेचते थे।

आरपीएफ ने बरामद सामग्री को जब्त कर तीनों को रेलवे अधिनियम की धारा 143 के तहत गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में आरपीएफ पोस्ट दीघा में मामला दर्ज कर उन्हें तमलुक के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत में पेश किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता