home page

पाबंदियां हटते ही दीघा में खुलने लगे होटल और दुकानें

 | 
पाबंदियां हटते ही दीघा में खुलने लगे होटल और दुकानें


पूर्व मेदिनीपुर, 25 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में पहले चरण का मतदान समाप्त होने के बाद समुद्री पर्यटन स्थल दीघा और मंदारमणि धीरे-धीरे अपने सामान्य स्वरूप में लौटने लगे हैं। शनिवार सुबह यहां होटल, दुकानें और अन्य व्यवसायिक प्रतिष्ठान खुलने शुरू हो गए, हालांकि पर्यटकों की संख्या अभी कम है।

पूर्व मेदिनीपुर जिले में 23 अप्रैल को पहले चरण का मतदान हुआ था। मतदान के दौरान किसी भी प्रकार की अशांति से बचने के लिए चुनाव आयोग ने बाहरी लोगों के होटलों में ठहरने पर अस्थायी प्रतिबंध लगा दिया था। इसके साथ ही क्षेत्र की सभी शराब की दुकानों को भी बंद रखने का निर्देश दिया गया था। आयोग के निर्देश के बाद 21 अप्रैल तक अधिकांश पर्यटक दीघा और मंदारमणि छोड़कर चले गए थे, जिससे समुद्र तट लगभग सुनसान हो गया था।

गुरुवार देर शाम मतदान प्रक्रिया समाप्त होने के बाद शुक्रवार से स्थिति सामान्य होने की उम्मीद जताई जा रही थी। हालांकि प्रशासन की लगातार गश्त और सुरक्षा व्यवस्था के चलते सामान्य माहौल लौटने में थोड़ा समय लगा। इस बीच शनिवार को होटल और दुकानें धीरे-धीरे खुलने लगी हैं, लेकिन पर्यटकों की भीड़ अभी भी नजर नहीं आ रही है। होटल व्यवसायियों का कहना है कि 29 अप्रैल को दूसरे चरण का मतदान और चार मई को मतगणना निर्धारित है, इसलिए तब तक पर्यटकों की संख्या सीमित ही रहने की संभावना है।

दीघा के एक होटल मालिक ने बताया कि चुनाव के कारण पिछले कुछ दिनों से पर्यटन पूरी तरह प्रभावित रहा है। उनका अनुमान है कि बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम और गर्मी की छुट्टियों के बाद यहां पर्यटकों की संख्या तेजी से बढ़ेगी।

दीघा-शंकरपुर होटलियर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों का कहना है कि चुनाव आयोग की पाबंदियां हट चुकी हैं और पर्यटक अब निश्चिंत होकर यहां आ सकते हैं। आने वाले सप्ताहांत में पर्यटकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।

इस बीच पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए निगरानी जारी रहेगी, ताकि पर्यटकों और स्थानीय लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता