रथयात्रा के लिए दीघा-हावड़ा के बीच चलेगी विशेष लोकल ट्रेन
कोलकाता, 16 जुलाई (हि. स.)। दीघा में आयोजित होने वाले भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेलवे ने दीघा-हावड़ा के बीच विशेष लोकल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। रेलवे की ओर से 16 जुलाई से 26 जुलाई तक दीघा-हावड़ा लोकल विशेष ट्रेन चलाने की अधिसूचना जारी की गई है।
दीघा अब केवल समुद्री पर्यटन केंद्र ही नहीं, बल्कि जगन्नाथ मंदिर के कारण भी प्रमुख धार्मिक आकर्षण बन चुका है। रथयात्रा के दौरान यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का समागम होता है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पांशकुड़ा-हल्दिया-दिघा साउथ ईस्टर्न रेलवे पैसेंजर्स वेलफेयर एसोसिएशन ने रेलवे से विशेष ट्रेन चलाने की मांग की थी।
रेलवे द्वारा इस मांग को स्वीकार किए जाने पर संगठन तथा नित्य यात्रियों में उल्लास है। संगठन के सामान्य सचिव सरोज कुमार ने कहा कि दीघा के जगन्नाथ मंदिर में रथदर्शन के लिए जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग रेलमार्ग से पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष ट्रेन चलाने का अनुरोध किया गया था, जिसे स्वीकार करने पर संगठन रेलवे के प्रति आभार व्यक्त करता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

