home page

सरकारी दफ्तर में रात के अंधेरे में पिकनिक मनाने का आरोप

 | 
सरकारी दफ्तर में रात के अंधेरे में पिकनिक मनाने का आरोप


दक्षिण दिनाजपुर, 17 सितंबर (हि.स.)।

दक्षिण दिनाजपुर जिले के बालूरघाट सूचना व सांस्कृतिक विभाग (डीआइसी) सरकारी कार्यालय परिसर में रात के समय कथित तौर पर पिकनिक आयोजित किए जाने को लेकर हड़कंप मच गया है। आरोप है कि सूचना एवं सांस्कृतिक विभाग से जुड़े सरकारी दफ्तर के परिसर में बुधवार रात पिकनिक जैसा आयोजन किया गया, जहां मांस पकाने से लेकर म्यूजिक सिस्टम बजाने तक की व्यवस्था की गई थी। इस पूरे मामले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सरकारी कार्यालय के इस्तेमाल को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

वायरल वीडियो में कार्यालय परिसर के भीतर खाना पकाने की तैयारी और म्यूजिक सिस्टम लगा हुआ दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद सवाल उठ रहा है कि सरकारी कामकाज के लिए इस्तेमाल होने वाले कार्यालय परिसर में रात के समय इस तरह का निजी आयोजन किसकी अनुमति से किया गया।

मामले की जानकारी सामने आने के बाद एबीआरएसएम के सदस्यों ने भी इस संबंध में जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। संगठन की ओर से आरोप लगाया गया है कि सरकारी कार्यालय को इस तरह निजी आयोजन के लिए इस्तेमाल किया जाना उचित नहीं है। संगठन का दावा है कि मामले की जानकारी संबंधित विभाग के डीआई तथा पुलिस प्रशासन को भी दी गई है।

हालांकि, इस आयोजन में वास्तव में कौन-कौन लोग शामिल थे, सरकारी कर्मचारी जुड़े थे या नहीं और कार्यालय परिसर में कार्यक्रम आयोजित करने की अनुमति किसने दी थी, यह अभी स्पष्ट नहीं है। वायरल वीडियो की सत्यता और पूरे मामले की वास्तविक स्थिति भी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

फिलहाल सरकारी कार्यालय परिसर में कथित पिकनिक को लेकर बालुरघाट में चर्चा तेज है। अब देखना होगा कि संबंधित विभाग और प्रशासन इस मामले में क्या जांच या कार्रवाई करता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा