पेयजल से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर तालाब में पलटा, चालक लापता
कोलकाता , 18 सितंबर (हि.स.)।
दक्षिण 24 परगना के डायमंड हार्बर थाना क्षेत्र के नेतड़ा कमालपुर इलाके में नेतड़ा-हटुगंज रोड पर शुक्रवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। पेयजल से भरा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी एक निजी कार को जोरदार टक्कर मारने के बाद पास के तालाब में जा पलटा। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, तड़के पेयजल से लदा ट्रक नेतड़ा-हटुगंज रोड से गुजर रहा था। इसी दौरान अचानक चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। ट्रक सड़क किनारे खड़ी निजी कार से जा टकराया और इसके बाद तालाब में पलट गया। दुर्घटना के बाद ट्रक का चालक कहां है, इसका अभी तक पता नहीं चल पाया है। चालक ट्रक के अंदर या पानी में फंसा है अथवा हादसे के बाद मौके से निकल गया, इसे लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।
सूचना मिलने के बाद डायमंड हार्बर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और चालक की तलाश में तालाब के पानी तथा ट्रक के अंदर तलाशी अभियान शुरू किया। साथ ही तालाब में पलटे ट्रक को बाहर निकालने की कोशिश की जा रही है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच भी शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

