home page

नंदीग्राम स्वास्थ्य जिले में 28 अवैध डायग्नोस्टिक केंद्रों को बंद करने का निर्देश

 | 
नंदीग्राम स्वास्थ्य जिले में 28 अवैध डायग्नोस्टिक केंद्रों को बंद करने का निर्देश


मेदिनीपुर, 05 अगस्त (हि. स.)। पूर्व मेदिनीपुर जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी तेज करते हुए नंदीग्राम स्वास्थ्य जिले के मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी असित कुमार देवेल ने 28 डायग्नोस्टिक केंद्रों को बंद करने का नोटिस जारी किया है। जांच में इन केंद्रों के पास आवश्यक वैध दस्तावेज नहीं मिलने की बात सामने आई है।

जानकारी के अनुसार, हाल ही में राज्य के स्वास्थ्य मंत्री शारद्वत मुखर्जी ने चार दिवसीय दौरे के दौरान पूर्व मेदिनीपुर और नंदीग्राम स्वास्थ्य जिलों के विभिन्न अस्पतालों का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कई स्थानों पर स्वास्थ्य सेवाओं की सराहना की, जबकि कुछ स्थानों पर कमियों पर नाराजगी भी जताई।

स्वास्थ्य मंत्री के दौरे के बाद नंदीग्राम स्वास्थ्य जिले के मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. असित कुमार देवान ने पत्रकारों को बताया कि कुछ महीने पहले भी जिले के डायग्नोस्टिक केंद्रों का निरीक्षण किया गया था। उस समय अवैध रूप से संचालित केंद्रों को बंद करने का निर्देश दिया गया था। इसके बावजूद कुछ केंद्र बिना वैध अनुमति के संचालित होते पाए गए।

उन्होंने बताया कि हालिया निरीक्षण में 28 ऐसे डायग्नोस्टिक केंद्र मिले, जिनके पास आवश्यक वैध दस्तावेज नहीं हैं। इन सभी केंद्रों को फिलहाल बंद करने का नोटिस दिया गया है। संबंधित संचालक वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के बाद ही केंद्र दोबारा संचालित कर सकेंगे।

स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिना अनुमति स्वास्थ्य सेवाओं का संचालन किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। मामले में आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता