home page

दार्जिलिंग हिमालयन रेलवे महोत्सव का शुभारंभ

 | 
दार्जिलिंग हिमालयन रेलवे महोत्सव का शुभारंभ


सिलीगुड़ी, 03 अक्टूबर (हि. स.)। दार्जिलिंग हिमालयन रेलवे (डीएचआर) की विरासत, इतिहास और आकर्षण को व्यापक स्तर पर सामने लाने के उद्देश्य से पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे की ओर से कई पहल की जा रही हैं। इसी क्रम में शनिवार को सुकना स्टेशन पर दार्जिलिंग हिमालयन रेलवे महोत्सव का शुभारंभ पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के महाप्रबंधक चेतन कुमार श्रीवास्तव ने किया।

सुकना स्टेशन पहुंचने के बाद महाप्रबंधक ने महोत्सव का औपचारिक उद्घाटन करने के साथ ही एक विशेष फोटो गैलरी का भी उद्घाटन किया। इस गैलरी में दार्जिलिंग हिमालयन रेलवे के लंबे इतिहास और पुरानी यादों को दर्शाने वाली विभिन्न ट्रेनों की तस्वीरें प्रदर्शित की गई है।

इस पहल के जरिए पर्यटकों, रेल प्रेमियों और इतिहास में रुचि रखने वाले लोगों को दार्जिलिंग हिमालयन रेलवे के अतीत और इसकी ऐतिहासिक यात्रा को करीब से जानने का अवसर मिलेगा।

सुकना में उद्घाटन कार्यक्रम के बाद महाप्रबंधक चेतन कुमार श्रीवास्तव कर्सियांग के लिए रवाना हुए। वहां उनके एक व्यू प्वाइंट और रेलवे सुरक्षा बल बैरक का उद्घाटन करने का कार्यक्रम है। इसके साथ ही वह दार्जिलिंग हिमालयन रेलवे के अधिकारियों के साथ बैठक कर रेल सेवाओं, बुनियादी ढांचे के विकास, पर्यटकों की सुविधाओं और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा किया।

इस दौरान महाप्रबंधक ने बताया कि दार्जिलिंग हिमालयन रेलवे की लोकप्रियता बढ़ाने के लिए कई पहल की जा रही हैं। पर्यटकों की मांग को ध्यान में रखते हुए कोचों को नए रूप में तैयार करने के साथ ही कुछ और नई जॉय राइड सेवाएं शुरू करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार