home page

धर्मतला हिंसा : एक गिरफ्तार, नौ हिरासत में, पत्रकारों से मारपीट मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई

 | 
धर्मतला हिंसा : एक गिरफ्तार, नौ हिरासत में, पत्रकारों से मारपीट मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई


- मुख्यमंत्री की चेतावनी के एक दिन बाद कार्रवाई तेज, गिरफ्तार आरोपित पर गुंडा दमन कानून के तहत मामला दर्ज

कोलकाता, 25 जुलाई (हि.स.)। कोलकाता के धर्मतला स्थित डोरिना क्रॉसिंग पर नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं के विरोध में आयोजित प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा और पत्रकारों से मारपीट के मामले में कोलकाता पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नौ लोगों को हिरासत में लिया है। इनमें से एक आरोपित को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ गुंडा दमन कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार गिरफ्तार आरोपित की पहचान मोहम्मद अफरोज के रूप में हुई है। वह मेटियाब्रुज के राजाबागान क्षेत्र का निवासी है। उसे पश्चिम बर्दवान जिले के अंडाल से गिरफ्तार कर कोलकाता लाया गया। आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान वह पत्रकारों और अन्य लोगों के साथ मारपीट तथा उत्पीड़न की घटनाओं में शामिल था।

शुक्रवार को प्रदर्शन के दौरान धर्मतला इलाके में अचानक स्थिति हिंसक हो गई थी। पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा, जबकि प्रदर्शनकारियों की ओर से पुलिस पर जूते और बोतलें फेंके जाने के आरोप लगे। इस दौरान समाचार संकलन के लिए मौजूद कई पत्रकारों के साथ भी मारपीट और दुर्व्यवहार किया गया।

घटना के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी थी। शनिवार को विधानसभा में उन्होंने पांच आरोपितों के नाम भी लिए थे। इसके कुछ ही घंटों बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नौ लोगों को हिरासत में लिया और एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और वीडियो फुटेज तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर हिंसा में शामिल अन्य आरोपितों की पहचान कर आगे भी कार्रवाई की जाएगी।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर