हुगली में अनोखी पहल, मतदान केंद्र पर शहनाई के सुर और कॉफी का जायका
हुगली, 29 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान हुगली जिले के धनेखाली स्थित अनंतपुर प्राथमिक विद्यालय मतदान केंद्र पर बुधवार को मतदान का अनोखा नजारा देखने को मिला। मतदान केंद्र का माहौल ऐसा था मानो किसी शादी समारोह का आयोजन हो रहा हो।
मतदान केंद्र के प्रवेश द्वार पर केंद्रीय बलों की तैनाती के बीच स्थानीय स्वयंसेवी समूह की महिलाएं मतदाताओं का गुलाब का फूल देकर स्वागत कर रही थीं। केंद्र के भीतर मतदाताओं के लिए कॉफी की व्यवस्था की गई थी, वहीं शहनाई की धुन बजने से पूरा वातावरण उत्सव जैसा प्रतीत हो रहा था।
धूप से बचने के लिए शेड, बैठने के लिए कुर्सियां और ठंडे पानी की भी पर्याप्त व्यवस्था की गई है।
दूर से देखने पर ऐसा लग रहा था जैसे किसी शादी के घर में प्रवेश किया जा रहा हो। मतदान केंद्र के भीतर महिला और पुरुष मतदाताओं की लंबी कतार भी देखी गई। मतदाताओं ने उत्साह के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

