home page

बनगांव में धामी का रोड शो भाजपा जीत को लेकर आशावादी

 | 
बनगांव में धामी का रोड शो भाजपा जीत को लेकर आशावादी


बनगांव में धामी का रोड शो भाजपा जीत को लेकर आशावादी


उत्तर 24 परगना, 06 अप्रैल (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में भाजपा ने चुनावी प्रचार तेज कर दिया है। इसी क्रम में सोमवार को उत्तर 24 परगना जिले के बनगांव में भाजपा नेता तथा उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रोड शो किया और पार्टी उम्मीदवारों के समर्थन में जनसंपर्क अभियान चलाया। मुख्य सड़क पर प्रचार के दौरान बड़ी संख्या में समर्थक और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

इस मौके पर धामी ने भाजपा की जीत को लेकर आशा व्यक्त करते हुए कहा कि बंगाल में लोगों के बीच परिवर्तन की स्पष्ट इच्छा दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि मैंने बंगाल में कई लोगों से मुलाकात की है और यहां सड़कों पर उमड़ी भीड़ यह साबित करती है कि लोग बदलाव के लिए दृढ़ संकल्पित हैं।

तृणमूल कांग्रेस सरकार की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में भय, भ्रष्टाचार और अपराध का माहौल है, जिसे बदलने के लिए जनता पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि इस बार तृणमूल कांग्रेस को पूरी तरह पराजित किया जाएगा।

धामी ने आगे कहा कि देश के कई राज्यों में डबल इंजन की सरकार बन रही है और जहां भी चुनाव हो रहे हैं, वहां लोग विकास और सुशासन के लिए डबल इंजन सरकार को प्राथमिकता दे रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि बंगाल की जनता भी इस बार डबल इंजन सरकार बनाकर भाजपा को भारी बहुमत से विजयी बनाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता