मुंबई के कारखाने में फंदे से लटका मिला दुर्गापुर के युवक का शव, परिवार ने लगाया हत्या का आरोप
दुर्गापुर, 26 अक्टूबर (हि. स.)। मुंबई के कारखाने में दुर्गापुर के युवक का शव फंदे से लटका हुआ मिलने से सनसनी फ़ैल गई। मृतक का नाम विश्व दे (20) है, जो कांकसा थाना क्षेत्र के बिरुडीहा का निवासी है। घटना की सूचना मिलने के बाद परिवार में मातम पसरा है। परिवार के सदस्य विश्व की मौत को आत्महत्या मानने को तैयार नहीं हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण विश्व रोजगार की तलाश में मुंबई गया था। वह वरली इलाके की एक फैक्ट्री में फैब्रिकेशन वेल्डिंग का काम करता था। सोमवार सुबह कारखाने में उसका शव फंदे से लटका हुआ मिला। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बरामद किया। मुंबई पुलिस ने फोन के माध्यम से दुर्गापुर में रह रहे परिजनों को घटना की सूचना दी।
मृतक के चाचा मदन दे ने आरोप लगाया कि जिस ठेकेदार के माध्यम से विश्व काम करने मुंबई गया था, उससे संपर्क करने पर कथित तौर पर दुर्व्यवहार किया गया। परिवार ने स्थानीय प्रशासन को ई-मेल के जरिए मामले की जानकारी देने की बात भी कही है।
उनका आरोप है कि उसकी हत्या करने के बाद शव को फंदे से लटकाया गया हो सकता है। परिजनों के अनुसार, शव की तस्वीर देखने के बाद उनकी आशंका और गहरी हो गई है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

