भाजपा कार्यकर्ता के घर पर बमबारी, आरोप तृणमूल पर
आसनसोल, 28 फ़रवरी (हि.स.)।
दुर्गापुर के इस्पात नगरी में एक भाजपा कार्यकर्ता के घर के सामने बम फेंका गया। घटना शुक्रवार रात करीब 9 बजे इस्पात नगरी के राणा प्रताप रोड इलाके में हुई। दुर्गापुर ईस्ट नंबर 1 मंडल की जनरल सेक्रेटरी शाश्वती गिरी उसी इलाके में रहती हैं। आरोप है कि अज्ञात बदमाशों ने उनके घर के सामने बम फेंका और भाग गए। तेज आवाज से परिवार के लोग डर गए। खबर मिलने के बाद दुर्गापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। परिवार की वरिष्ठ सदस्य रीना नंदी ने कहा कि उनकी बेटी भाजपा की सदस्य है और पार्टी के कार्यकर्ता घर आते-जाते रहते हैं। हालांकि, उन्हें इस हमले का कारण समझ नहीं आ रहा है। उन्होंने यह भी नहीं देखा कि घटना में कौन शामिल था। शनिवार को भाजपा के ज़िला उपाध्यक्ष चंद्रशेखर बनर्जी ने कहा कि चुनाव से पहले भाजपा कार्यकर्ताओं को डराने-धमकाने से कोई फ़ायदा नहीं होगा। हालांकि, स्थानीय तृणमूल नेता राजीव घोष ने इन आरोपों को पूरी तरह से नकार दिया और दावा किया कि उन्हें नहीं पता था कि शाश्वती गिरी भाजपा की सदस्य हैं। भाजपा लीडर शाश्वती गिरी ने दोषियों को कड़ी सज़ा देने की मांग की है और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

