दुर्गापुर : बंद पड़े तृणमूल कार्यालय से धारदार हथियार बरामद, इलाके में सनसनी
पश्चिम बर्दवान, 15 जुलाई (हि. स.)। दुर्गापुर के कमलपुर इलाके में एक बंद पड़े तृणमूल कांग्रेस के पार्टी कार्यालय से धारदार हथियार बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पाकर कमलपुर पुलिस मौके पर पहुंची और तलाशी अभियान चलाकर एक बड़ा भुजाली सहित कई धारदार हथियार जब्त किए। बरामदगी के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, संबंधित पार्टी कार्यालय काफी समय से बंद पड़ा था। ऐसे में वहां से हथियार मिलने की घटना ने लोगों में चिंता और दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। पुलिस ने पूरे परिसर को अपने कब्जे में लेकर आसपास के लोगों से पूछताछ भी शुरू कर दी है। घटना सामने आने के बाद भाजपा ने तृणमूल कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
भाजपा नेताओं का दावा है कि यह कार्यालय लंबे समय से असामाजिक तत्वों का अड्डा बना हुआ था और यहां छिपाकर रखे गए हथियारों का इस्तेमाल इलाके में भय का माहौल बनाने के लिए किया जाता था।
अधिकारियों का कहना है कि बरामद हथियारों की जांच की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हथियार वहां किसने रखे, कब और किस उद्देश्य रखा था।आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
इस घटना के बाद दुर्गापुर के राजनीतिक माहौल में हलचल तेज हो गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

