home page

दुर्गापुर की मिठाई दुकान में लगी भयावह आग

 | 
दुर्गापुर की मिठाई दुकान में लगी भयावह आग


दुर्गापुर, 25 अक्टूबर (हि. स.)। पश्चिम बर्दवान जिले के दुर्गापुर के सगड़भांगा इलाके में शनिवार देर रात एक मिठाई दुकान में भयावह आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। इस अग्निकांड में दुकान में रखी मिठाइयां, खाद्य सामग्री और अन्य सामान जलकर नष्ट हो गए।

शुरुआती अनुमान के मुताबिक, लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। त्योहार से ठीक पहले हुई इस घटना से दुकान के मालिक तपन साव को भारी आर्थिक झटका लगा है।

जानकारी के अनुसार, लक्ष्मी पूजा को देखते हुए तपन साव ने दुकान में बड़ी मात्रा में मिठाइयां तैयार कर रखी थीं। त्योहार के दौरान ग्राहकों की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए अतिरिक्त खाद्य सामग्री भी जमा की गई थी। इसी बीच शनिवार देर रात अचानक दुकान में आग लग गई और देखते ही देखते वहां रखा सामान आग की चपेट में आ गया। दुकान में तैयार मिठाइयों के अलावा चॉप, पनीर के व्यंजन और कचौड़ी बनाने के लिए आलू, पनीर, बेसन, मैदा तथा तेल के कई टिन रखे हुए थे। आग की वजह से इन सामग्रियों के साथ दुकान में रखा अन्य सामान भी नष्ट हो गया। इससे त्योहार के लिए की गई तैयारियों पर पानी फिर गया।

दुकान में आग लगने की सूचना पाकर दमकल की एक गाड़ी मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक दुकान में रखी काफी सामग्री जल चुकी थी। घटना के बाद इलाके में हलचल मच गई।

लक्ष्मी पूजा से पहले दुकान में आग लगने से तपन साव को न केवल तैयार माल का नुकसान हुआ, बल्कि कारोबार भी प्रभावित होने की आशंका है।

फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। वहीं, नुकसान की वास्तविक राशि का आकलन भी सामने नहीं आया है। शुरुआती अनुमान में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा