दुर्गापुर में कड़ी सुरक्षा के बीच स्ट्रॉन्ग रूम में रखी गईं ईवीएम मशीनें
आसनसोल, 24 अप्रैल (हि. स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के पहले चरण का मतदान संपन्न होने के बाद इस्तेमाल की गई ईवीएम मशीनों को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच स्ट्रॉन्ग रूम में सुरक्षित रखा गया है। दुर्गापुर के दुर्गापुर सरकारी महाविद्यालय में इसके लिए विशेष स्ट्रॉन्ग रूम बनाया गया है।
गुरुवार को मतदान समाप्त होने के बाद दुर्गापुर पूर्व एवं पश्चिम और पांडवेश्वर विधानसभा क्षेत्रों के सभी बूथों से ईवीएम मशीनों को सुरक्षा के साथ स्ट्रॉन्ग रूम तक पहुंचाया गया। प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में मशीनों को जमा करने की प्रक्रिया पूरी की गई।
स्ट्रॉन्ग रूम परिसर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। केंद्रीय सुरक्षा बलों के जवान 24 घंटे तैनात हैं और पूरे परिसर की निगरानी कर रहे हैं। वहीं राज्य पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी लगातार सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए हुए हैं, ताकि किसी भी प्रकार की चूक या गड़बड़ी की संभावना न रहे।
इस दौरान स्ट्रॉन्ग रूम परिसर में स्क्रूटनी बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें चुनाव आयोग के अधिकारियों के साथ विभिन्न राजनीतिक दलों के उम्मीदवार और एजेंट मौजूद रहे। दुर्गापुर पूर्व विधानसभा क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस के प्रदीप मजूमदार, भाजपा के चंद्रशेखर बनर्जी और माकपा के सीमांत चटर्जी बैठक में शामिल हुए।
वहीं दुर्गापुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र की ओर से तृणमूल कांग्रेस की एजेंट असीमा चक्रवर्ती के साथ भाजपा और माकपा के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। इसके अलावा पांडवेश्वर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न राजनीतिक दलों के एजेंटों ने भी बैठक में हिस्सा लिया।
प्रशासन का कहना है कि पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष और सुरक्षित बनाए रखने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए गए हैं। मतगणना तक स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा इसी तरह कड़ी रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

