दुर्गापुर में हीमोफिलिया सोसाइटी ने आयोजित किया रक्तदान शिविर
पश्चिम बर्दवान, 11 जुलाई (हि.स.)।
हीमोफिलिया सोसाइटी, दुर्गापुर चैप्टर की ओर से सिटी सेंटर स्थित केयर सेंटर परिसर में दुर्गापुर उप-विभागीय अस्पताल के ब्लड बैंक के सहयोग से स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने रक्तदान किया। विशेष रूप से हीमोफिलिया रोगियों की माताओं की सक्रिय भागीदारी ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।
कार्यक्रम में पश्चिम बर्धमान के विधायक चंद्रशेखर बनर्जी ने हीमोफिलिया सोसाइटी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि संस्था लंबे समय से हीमोफिलिया रोगियों की सेवा में समर्पित भाव से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि लोगों की जान बचाने के लिए स्वैच्छिक रक्तदाताओं का मजबूत नेटवर्क तैयार करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने समाज के अन्य संगठनों से भी इस तरह की मानवीय पहल में आगे आने की अपील की और हीमोफिलिया रोगियों के हित में हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
दुर्गापुर उप-विभागीय अस्पताल के ब्लड बैंक की प्रभारी डॉ. करबी कुंडू ने पर्याप्त रक्त भंडार बनाए रखने के महत्व पर जोर देते हुए लोगों से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील की। उन्होंने शिविर के सफल आयोजन के लिए हीमोफिलिया सोसाइटी की प्रशंसा करते हुए कहा कि संस्था लगातार रोगियों की बेहतर देखभाल के लिए सराहनीय कार्य कर रही है।
सेल-दुर्गापुर स्टील प्लांट की सहायक महाप्रबंधक (सीएसआर) शर्मिष्ठा दत्ता ने कहा कि हीमोफिलिया सोसाइटी सामाजिक सेवा और मानवीय कार्यों के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान दे रही है। उन्होंने रक्तदाताओं और स्वयंसेवकों के समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि सेल-दुर्गापुर स्टील प्लांट अपने सीएसआर कार्यक्रमों के माध्यम से भविष्य में भी इस प्रकार की जनकल्याणकारी स्वास्थ्य पहलों का सहयोग करता रहेगा।
हीमोफिलिया सोसाइटी, दुर्गापुर चैप्टर के सचिव अजय रॉय ने बताया कि तीन वर्ष पहले पहली बार हीमोफिलिया रोगियों की माताओं ने बड़ी संख्या में रक्तदान कर एक नई परंपरा की शुरुआत की थी। इस वर्ष भी माताओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने उस पहल को आगे बढ़ाया है। उन्होंने इसे समुदाय के लिए प्रेरणादायक कदम बताते हुए विश्वास जताया कि इससे अधिक से अधिक लोग नियमित रक्तदान के लिए आगे आएंगे।
उन्होंने सभी रक्तदाताओं, स्वयंसेवकों और सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त करते हुए लोगों से इस जीवनरक्षक अभियान से जुड़ने और नियमित रक्तदान के लिए दूसरों को भी प्रेरित करने की अपील की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

