दुर्गापुर में जुए के अड्डे पर पुलिस की छापेमारी, 10 गिरफ्तार
पश्चिम बर्दवान, 13 जुलाई (हि. स.)। मुख्यमंत्री के निर्देश पर राज्यभर में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत दुर्गापुर-फरीदपुर थाना पुलिस ने रविवार रात इच्छापुर मुस्लिमपाड़ा में एक अवैध जुए के अड्डे पर छापेमारी कर 10 लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान शेख मुस्ताक, शेख करीम, पवन साहनी, विक्रम मंडल, रामपाल सिंह, रवि डे, पिंटू मित्रा, बैद्यनाथ दत्ता, मिलन दत्ता के रूप में हुई है। इनमें एक एक अन्य व्यक्ति भी शामिल है।
सभी आरोपित दुर्गापुर-फरीदपुर और आसपास के क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं।
सोमवार को सभी आरोपितों को दुर्गापुर महकमा अदालत में पेश किया गया, जहां पुलिस ने जांच के लिए उनकी हिरासत की मांग की।
पुलिस के अनुसार, इच्छापुर मुस्लिमपाड़ा में लंबे समय से खुलेआम जुए का अड्डा संचालित होने की शिकायत मिल रही थी। स्थानीय लोगों का आरोप था कि यहां आसपास के विभिन्न इलाकों से लोग जुआ खेलने आते थे, जिससे क्षेत्र में असामाजिक गतिविधियां बढ़ रही थीं और लोगों में असुरक्षा का माहौल था।
मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने रविवार रात छापेमारी की। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद लोग भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन पुलिस ने मौके से 10 लोगों को पकड़ लिया।
पुलिस पता लगा रही है कि इस अवैध जुए के कारोबार के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

