दुर्गापुर के नयापल्ली में तृणमूल कार्यकर्ताओं के घरों पर ईंट-पत्थर फेंकने का आरोप, इलाके में दहशत
दुर्गापुर, 24 अक्टूबर (हि.स.)।
दुर्गापुर के नयापल्ली इलाके में रात के अंधेरे में एक के बाद एक तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं के घरों को निशाना बनाकर ईंट-पत्थर फेंकने और अश्लील भाषा में गाली-गलौज करने का आरोप लगा है। इस घटना को लेकर इलाके में काफी तनाव और दहशत का माहौल है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
जिला भाजपा के प्रवक्ता सुमंत मंडल ने चेतावनी दी है कि इस तरह की हरकत करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
आरोप है कि शुक्रवार की देर रात लाल रंग की चारपहिया गाड़ी में सवार होकर तीन युवक नयापल्ली इलाके में पहुंचे। इसके बाद उन्होंने गाड़ी के आसपास से ही एक के बाद एक कई घरों को निशाना बनाकर ईंट-पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। इस दौरान घरों में रहने वाले लोगों के साथ अश्लील भाषा में गाली-गलौज करने का भी आरोप है।
अचानक हुए इस हमले से स्थानीय निवासियों में भय फैल गया।
मकान मालिक संजय राय ने आरोप लगाया कि हमला करने वाले तीनों युवक पहले कभी भाजपा नहीं करते थे। चार तारीख के बाद वे भाजपा में शामिल हुए हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें समझ में नहीं आ रहा है कि इन लोगों को उनसे क्या नाराजगी है। संभव है कि तृणमूल कांग्रेस करने के कारण उनके घरों को निशाना बनाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि हमले के दौरान केवल ईंट-पत्थर ही नहीं फेंके गए, बल्कि गाली-गलौज भी की गई। इस संबंध में पुलिस को सूचना दे दी गई है।
घटना को लेकर जिला भाजपा के प्रवक्ता सुमंत मंडल ने कहा कि भाजपा इस तरह की संस्कृति में विश्वास नहीं करती है। इस प्रकार की हरकत करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, उन्होंने आशंका जताई कि यह तृणमूल कांग्रेस के आपसी गुटीय विवाद का परिणाम हो सकता है। उनके अनुसार, पहले से चल रहे आपसी विवाद में अब मौका मिलने पर एक-दूसरे पर हमले किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि शांत दुर्गापुर को अशांत करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ पुलिस उचित कार्रवाई करेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

