home page

दुर्गापुर में स्थानीय रोजगार की मांग तेज, विधायक लखन घुरुई ने कई कारखानों के प्रबंधन के साथ की बैठक

 | 
दुर्गापुर में स्थानीय रोजगार की मांग तेज, विधायक लखन घुरुई ने कई कारखानों के प्रबंधन के साथ की बैठक


दुर्गापुर, 26 मई (हि. स.)। औद्योगिक क्षेत्र में एक बार फिर स्थानीय लोगों के रोजगार का मुद्दा सामने आया है। मंगलवार सुबह दुर्गापुर पश्चिम के विधायक लखन घुरुई ने सागरभांगा इलाके में कई निजी कारखानों का दौरा कर प्रबंधन के साथ बैठक की।

जानकारी के अनुसार, विधायक लखन घुरुई ग्राफाइट इंडिया और एसआरएमबी समेत विभिन्न फैक्ट्रियों में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचे। वहां श्रमिक नियुक्ति, स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर और बाहरी श्रमिकों के मुद्दे पर चर्चा की गई।

कारखानों से बाहर निकलने के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव से पहले बड़ी संख्या में बाहरी श्रमिकों को काम पर रखा गया है। उन्होंने मांग की कि इन श्रमिकों की सूची तुरंत तैयार की जाए और उनकी जगह चरणबद्ध तरीके से स्थानीय लोगों को प्राथमिकता दी जाए।

विधायक ने कहा कि इलाके के कई युवा लंबे समय से रोजगार का इंतजार कर रहे हैं और औद्योगिक क्षेत्र में स्थानीय लोगों को उनका अधिकार मिलना जरूरी है। उन्होंने आईएनटीटीयूसी के कुछ नेताओं पर आरोप लगाया कि वे लंबे समय से श्रमिकों का शोषण कर रहे हैं। इस मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की चेतावनी भी दी गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा