home page

दुर्गापुर में एसकेएस मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का संचालन शुरू, अस्पताल से जुड़ी चिकित्सा शिक्षा

 | 
दुर्गापुर में एसकेएस मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का संचालन शुरू, अस्पताल से जुड़ी चिकित्सा शिक्षा


दुर्गापुर, 22 सितंबर (हि. स.)। पश्चिम बर्दवान जिले के दुर्गापुर में मंगलवार को एसकेएस मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का संचालन शुरू हो गया है। मेथाननगर-बिधाननगर क्षेत्र में स्थित मेडिकल कॉलेज के साथ करीब 605 बेड वाला मल्टी-सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल भी जुड़ा है।

मेडिकल कॉलेज के उद्घाटन समारोह में राज्य के स्वास्थ्य मंत्री शारद्वत मुखर्जी ने पश्चिम बंगाल की सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था की मौजूदा स्थिति पर भी चर्चा की। उन्होंने सरकारी अस्पतालों की बुनियादी सुविधाओं में रही कमियों के लिए केवल वर्तमान सरकार को जिम्मेदार ठहराने पर सवाल उठाया। मंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य व्यवस्था में जो कमियां आज दिखाई दे रही हैं, वे एक दिन में पैदा नहीं हुईं, बल्कि लंबे समय के दौरान विकसित हुई हैं।

बताया गया कि अस्पताल कॉलेज भवन से लगभग पांच मिनट की दूरी पर स्थित है और पिछले करीब तीन वर्षों से इसका संचालन किया जा रहा है। एसकेएस मेडिकल कॉलेज को 2026-27 शैक्षणिक सत्र के लिए मंजूरी मिली है। संस्थान में चिकित्सा शिक्षा के साथ आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि 34 वर्ष माकपा के शासन और उसके बाद के 15 वर्षों के तृणमूल कांग्रेस शासन, दोनों अवधियों में सरकारी स्वास्थ्य ढांचे से जुड़ी कई समस्याएं बनीं। उन्होंने आरोप लगाया कि लंबे समय में कई अस्पतालों और स्वास्थ्य सेवाओं का बुनियादी ढांचा कमजोर हुआ। इन कमियों को दूर करने की प्रक्रिया अब शुरू की गई है, लेकिन वर्षों पुरानी समस्याओं का समाधान रातोंरात संभव नहीं है।

कार्यक्रम में दुर्गापुर में मेडिकल कॉलेज की शुरुआत को शहर और पूरे पश्चिम बर्धमान जिले के लिए महत्वपूर्ण बताया गया। वक्ताओं ने कहा कि लंबे समय तक दुर्गापुर में अपना मेडिकल कॉलेज नहीं होने के कारण चिकित्सा शिक्षा के लिए विद्यार्थियों को दूसरे क्षेत्रों पर निर्भर रहना पड़ता था। अब शहर के प्रमुख क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज शुरू होने से विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा के नए अवसर मिलेंगे, जबकि संबद्ध मल्टी-सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के माध्यम से मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था होगी।

दुर्गापुर पहले से ही औद्योगिक और शैक्षणिक गतिविधियों के लिए जाना जाता है। ऐसे में मेडिकल कॉलेज और आधुनिक अस्पताल के संचालन से शहर में चिकित्सा शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और रोजगार के अवसरों के विस्तार की उम्मीद जताई गई। कार्यक्रम में एसकेएस समूह के विकास में श्री एसके शर्मा के योगदान की भी सराहना की गई। वक्ताओं ने बताया कि करीब 25 वर्ष पहले एसकेएस पब्लिक स्कूल की शुरुआत के बाद शिक्षा के क्षेत्र में संस्थान लगातार विस्तार करता रहा है और मेडिकल कॉलेज की शुरुआत उसी विस्तार की अगली कड़ी है।

उद्घाटन समारोह में स्वास्थ्य मंत्री ने यह भी कहा कि राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार के लिए सरकारी प्रयासों के साथ निजी क्षेत्र की आधुनिक चिकित्सा संस्थाओं की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। ---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा