दुर्गापुर में लंबी दूरी की एसी बसों में अचानक छापेमारी, अग्निशमन व्यवस्था की हुई जांच
दुर्गापुर, 02 नवंबर (हि. स.)। लंबी दूरी की वातानुकूलित बसों में आग लगने की घटनाओं को रोकने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सोमवार को दुर्गापुर के सिटी सेंटर इलाके में प्रशासन की ओर से विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान अग्निशमन विभाग, परिवहन विभाग और ट्रैफिक पुलिस की संयुक्त टीम ने कई एसी बसों में अचानक छापेमारी कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
अभियान के दौरान अधिकारियों ने बसों में अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता, उनकी कार्यशील स्थिति और आग बुझाने के लिए जरूरी अन्य सुरक्षा उपकरणों की जांच की। यह भी पता लगाया गया कि किसी आपात स्थिति में बस चालक, सहायक और अन्य कर्मचारी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने तथा आग पर काबू पाने के लिए कितने तैयार हैं।
अधिकारियों ने बसों में उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों और आपातकालीन सुरक्षा इंतजामों की बारीकी से पड़ताल की। प्रशासन का यह कदम लंबी दूरी की एसी बसों में संभावित अग्निकांड को रोकने और यात्रियों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एहतियाती कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है।
चलती बस में आग लगने की स्थिति में कुछ ही मिनटों में गंभीर संकट पैदा हो सकता है। विशेषकर एसी बसों में धुआं फैलने और यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मचने से सुरक्षित निकासी चुनौतीपूर्ण हो जाती है। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने यह संयुक्त जांच अभियान चलाया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

