home page

दुर्गापुर स्टील प्लांट में हादसा, मजदूर की मौत

 | 
दुर्गापुर स्टील प्लांट में हादसा, मजदूर की मौत


बर्दवान, 11 जुलाई (हि.स.)।

दुर्गापुर स्टील प्लांट (डीएसपी) में शुक्रवार देर रात एक बेहद दर्दनाक औद्योगिक हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान एस.के. साहिदुल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रात करीब 1:30 बजे कार्य के दौरान वह अचानक पिघले हुए स्टील से भरे लेडल (Ladle) में गिर गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। अत्यधिक तापमान के कारण उनका शरीर पूरी तरह जलकर राख हो गया।

घटना के बाद पूरे प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही सहकर्मी और डीएसपी के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। औपचारिक प्रक्रिया के तहत उन्हें प्लांट के मेडिकल विभाग ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हादसे के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। डीएसपी प्रबंधन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और कहीं सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही, तकनीकी खराबी या कार्यस्थल पर किसी अन्य कारण की भूमिका तो नहीं रही।

इस हृदयविदारक घटना के बाद प्लांट के कर्मचारियों और मजदूरों में शोक का माहौल है। सहकर्मियों ने दिवंगत मजदूर के परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें उचित मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को रोजगार देने की मांग की है।

डीएसपी प्रबंधन की ओर से घटना को लेकर कोई आधिकारिक विस्तृत बयान जारी नहीं किया गया था। वहीं, इस हादसे के बाद एक बार फिर प्लांट में श्रमिकों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। श्रमिकों का कहना है कि यदि सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन किया जाता, तो शायद इस तरह की दर्दनाक घटना को टाला जा सकता था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा