दुर्गापुर के होटल में चल रहा था जुए का अड्डा, पूर्व तृणमूल पार्षद समेत पांच गिरफ्तार
दुर्गापुर, 10 नवंबर (हि. स.)। दीपावली की रात होटल में कमरा किराये पर लेकर जुए का अड्डा चलाने का मामला सामने आया है। दुर्गापुर थाने की पुलिस ने भिरिंगी इलाके के पास स्थित एक होटल में छापेमारी कर पांच लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार लोगों में दुर्गापुर नगर निगम के पूर्व तृणमूल कांग्रेस पार्षद चंदन साहा भी शामिल हैं। पुलिस ने मौके से 71 हजार रुपये नकद और जुआ खेलने में इस्तेमाल होने वाले ताश के पत्ते बरामद किए हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, दुर्गापुर थाना क्षेत्र के भिरिंगी के निकट एक होटल में कमरा किराये पर लेकर दीपावली की रात बड़े पैमाने पर जुआ खेला जा रहा था। इसकी सूचना मिलने के बाद पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से होटल में छापेमारी की। इस दौरान जुआ खेल रहे पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया। इनमें पूर्व तृणमूल पार्षद चंदन साहा का नाम सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों में भी चर्चा शुरू हो गई है। पुलिस ने गिरफ्तार सभी आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मंगलवार को सभी को दुर्गापुर महकमा अदालत में पेश किया जाएगा।
इस घटना पर भाजपा विधायक लक्ष्मण घोरुई ने तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि यह तृणमूल कांग्रेस की संस्कृति है। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी के नेता पूरे दुर्गापुर में जुए के अड्डे चलाते थे। साथ ही उन्होंने कार्रवाई के लिए आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट को धन्यवाद दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

