दुर्गापुर दमकल विभाग की बढ़ी क्षमता, मिला अत्याधुनिक बड़ा लैडर
पश्चिम बर्दवान, 27 अगस्त (हि. स.)। बहुमंजिली इमारतों में आग लगने की घटनाओं से निपटने के लिए दुर्गापुर दमकल विभाग की क्षमता अब और मजबूत हो गई है। पहली बार दुर्गापुर दमकल विभाग को अत्याधुनिक बड़ा लैडर मिला है।
दमकल सूत्रों के अनुसार, बहुमंजिली इमारतों की ऊंची मंजिलों पर आग लगने की स्थिति में अग्निशमन के साथ-साथ फंसे हुए लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने में यह लैडर महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
दुर्गापुर औद्योगिक क्षेत्र में पिछले कुछ वर्षों के दौरान कई बार बहुमंजिली आवासीय इमारतों में आग लगने की घटनाएं सामने आई हैं। ऐसे हादसों के दौरान ऊंची मंजिलों तक पहुंचकर आग पर काबू पाने और वहां फंसे लोगों को बाहर निकालने में दमकल कर्मियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा है।
दुर्गापुर दमकल विभाग के पास अपना बड़ा लैडर नहीं होने के कारण जरूरत पड़ने पर कभी दुर्गापुर एयरपोर्ट तो कभी दुर्गापुर इस्पात कारखाने से लैडर मंगाकर स्थिति संभालनी पड़ती थी। इसके चलते घटनास्थल तक लैडर पहुंचने में समय लग जाता था और इस दौरान लोगों की चिंता बढ़ जाती थी।
दुर्गापुर दमकल विभाग के लिए लंबे समय से अपने बड़े लैडर की मांग की जा रही थी। अब यह मांग पूरी होने के बाद बहुमंजिली आवासीय भवनों, व्यावसायिक परिसरों और अन्य ऊंची इमारतों में आग लगने की स्थिति में दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई और बचाव क्षमता में काफी बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।
नए लैडर के दुर्गापुर दमकल केंद्र पहुंचने की जानकारी मिलने के बाद दुर्गापुर पूर्व के विधायक चंद्रशेखर बनर्जी भी दमकल केंद्र पहुंचे। उन्होंने दमकल अधिकारियों से मुलाकात कर नए उपकरण का निरीक्षण किया और इसकी कार्यक्षमता तथा दमकल विभाग की तैयारियों के बारे में विस्तार से जानकारी ली।
नए अत्याधुनिक लैडर के आने से दुर्गापुर में ऊंची इमारतों में होने वाली आग की घटनाओं के दौरान दमकल कर्मियों के लिए राहत और बचाव कार्य पहले की तुलना में अधिक प्रभावी और तेज होने की उम्मीद जताई जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

