डीपीएल के कूलिंग टॉवर में बड़ा हादसा, दो ठेका मजदूरों की मौत
पश्चिम बर्दवान, 15 जुलाई (हि. स.)। जिले के दुर्गापुर प्रोजेक्ट्स लिमिटेड (डीपीएल) के 7 नंबर कूलिंग टॉवर में बुधवार को हुए हादसे में दो ठेका मजदूरों की मौत हो गई। वहीं, एक अन्य मजदूर की तलाश जारी होने की भी जानकारी सामने आई है। घटना के बाद पूरे डीपीएल परिसर और श्रमिकों के बीच शोक और दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, कूलिंग टॉवर पर रेलिंग काटने का कार्य चल रहा था। इसी दौरान मजदूरों की सेफ्टी बेल्ट अचानक टूट गई, जिससे वे काफी ऊंचाई से नीचे गिर पड़े। हादसे में अंडाल निवासी उमेश साहू (54) और डीएसपी टाउनशिप बी-जोन निवासी पिंटू कुमार घोष (49) की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना पाकर कोक ओवन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
डीपीएल की जनसंपर्क अधिकारी स्वागता मित्रा ने बताया कि यह हादसा 7 नंबर कूलिंग टॉवर में हुआ। उनके अनुसार सभी श्रमिक निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए काम कर रहे थे। इसके बावजूद दुर्घटना कैसे हुई, इसकी विस्तृत जांच कराई जा रही है।
वहीं, भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) के जिला सचिव मृण्मय बनर्जी ने डीपीएल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि श्रमिकों को घटिया गुणवत्ता की सेफ्टी बेल्ट उपलब्ध कराई गई थी, जिसके कारण बेल्ट टूट गई और मजदूर नीचे गिर गए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि प्लांट के मेडिकल सेंटर में उस समय कोई चिकित्सक मौजूद नहीं था और बाद में डीपीएल अस्पताल से डॉक्टर बुलाकर मृतकों की जांच कराई गई।
बीएमएस ने मृतक श्रमिकों के परिजनों को 15 लाख रुपये मुआवजा, अंतिम संस्कार के लिए 60 हजार रुपये की आर्थिक सहायता तथा परिवार के एक सदस्य को स्थायी नौकरी देने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस और डीपीएल प्रबंधन पूरे मामले की जांच में जुटे हैं। इस घटना ने एक बार फिर औद्योगिक क्षेत्रों में श्रमिकों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

