लॉकअप से फरार वाहन चोरी का आरोपित हैदराबाद से गिरफ्तार
दुर्गापुर, 29 नवंबर (हि. स.)। कोक ओवन थाना के लॉकअप से फरार वाहन चोरी के आरोपित मनोज चक्रवर्ती को आखिरकार दुर्गापुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे तेलंगाना के हैदराबाद कमिश्नरेट अंतर्गत कुकटपल्ली इलाके से शुक्रवार (27 नवंबर) को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद शनिवार को उसे स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे ट्रांजिट रिमांड पर दुर्गापुर लाने की प्रक्रिया शुरू की गई। रविवार को मनोज चक्रवर्ती को लेकर पुलिस दुर्गापुर पहुंची।
जानकारी के अनुसार, मनोज चक्रवर्ती मूल रूप से उत्तर 24 परगना जिले का निवासी है। वाहन चोरी के एक मामले में 21 नवंबर को उसे अदालत में पेश किया गया था। अदालत ने उसे पांच दिनों की पुलिस हिरासत में भेजा था। इसी दौरान 22 नवंबर को कोक ओवन थाना के लॉकअप में रहने के दौरान वह बाथरूम की खिड़की से फरार हो गया था। थाने के लॉकअप से आरोपित के फरार होने की घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपित के तेलंगाना के कुकटपल्ली इलाके में छिपे होने की सूचना मिली थी। इसके आधार पर दुर्गापुर पुलिस ने वहां कार्रवाई कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
फिलहाल पुलिस आरोपित को दुर्गापुर लाने की प्रक्रिया में जुटी है। साथ ही वाहन चोरी के मामले की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि चोरी की इस वारदात में किसी संगठित गिरोह की भूमिका है या नहीं। इसके अलावा लॉकअप से फरार होने के बाद आरोपित ने किन-किन स्थानों पर शरण ली थी और उसे फरार होने में किसी ने मदद की थी या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

