सड़क हादसे में कार चालक की मौत
आसनसोल, 13 मार्च (हि. स.)। दुर्गापुर में शुक्रवार को सड़क दुर्घटना में कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा दुर्गापुर के व्यस्त डीवीसी मोड़ के निकट हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार मुचीपड़ा क्षेत्र से आसनसोल की ओर जा रही थी। वाहन काफी तेज गति में था। डीवीसी मोड़ के समीप अचानक चालक का वाहन पर नियंत्रण बिगड़ गया और कार सीधे सड़क किनारे खड़े एक वाहन के पिछले हिस्से से जा भिड़ी। जोरदार टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े। स्थानीय लोगों ने दुर्घटनाग्रस्त कार में फंसे चालक को बाहर निकालने का प्रयास किया। कार का अगला हिस्सा पूरी तरह दब जाने के कारण चालक को बाहर निकालने में काफी कठिनाई हुई। गंभीर हालत में स्थानीय लोगों ने उसे दुर्गापुर महकमा अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही मुचिपड़ा ट्रैफिक गार्ड की पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया। क्षतिग्रस्त कार को सड़क से हटाकर मार्ग पर यातायात फिर से सुचारु रूप से शुरू कराया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल मृतक चालक की पहचान नहीं हो पाई है। उसके पास से कोई स्पष्ट पहचान संबंधी दस्तावेज बरामद नहीं हुआ है। पुलिस मृतक की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि डीवीसी मोड़ के आसपास का क्षेत्र काफी व्यस्त रहता है और यहां अक्सर तेज गति से वाहन चलते हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। लोगों ने प्रशासन से इस क्षेत्र में यातायात नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

