दुर्गापुर में कैंसर एवं सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का शिलान्यास, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी रहे मौजूद
दुर्गापुर, 27 नवंबर (हि. स.)।पश्चिम बर्दवान जिलांतर्गत दुर्गापुर में शुक्रवार को ‘द मिशन कैंसर एंड एलाइड सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल’ का शिलान्यास किया गया। इस अवसर पर राज्य के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ राज्य के अन्य मंत्रीगण एवं कई विशिष्ट अतिथि भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
इस अस्पताल के निर्माण का मुख्य उद्देश्य कैंसर से पीड़ित मरीजों को आधुनिक एवं उन्नत चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है। अस्पताल के शुरू होने से दुर्गापुर सहित पूर्व एवं पश्चिम बर्दवान और आसपास के विभिन्न जिलों के मरीजों को लाभ मिलने की उम्मीद है। खासकर कैंसर के इलाज के लिए बड़े शहरों और दूसरे राज्यों का रुख करने वाले मरीजों एवं उनके परिजनों को इस परियोजना से राहत मिल सकती है।
शिलान्यास समारोह में मुख्यमंत्री की मौजूदगी को राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इस सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के माध्यम से कैंसर के साथ-साथ अन्य गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए भी बेहतर चिकित्सा व्यवस्था विकसित करने की योजना है।
यह परियोजना पश्चिम बंगाल में स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ बनाने तथा आम लोगों तक बेहतर चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो सकती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

