home page

दुर्गापुर में झाड़ू लेकर सड़क पर उतरीं मंत्री अग्निमित्रा पाल

 | 
दुर्गापुर में झाड़ू लेकर सड़क पर उतरीं मंत्री अग्निमित्रा पाल


पश्चिम बर्दवान, 16 जून (हि. स.)। राज्य सरकार की पहल के तहत दुर्गापुर के सिटी सेंटर बस स्टैंड इलाके में विशेष स्वच्छता एवं जनजागरूकता अभियान आयोजित किया गया। मंगलवार सुबह मंत्री अग्निमित्रा पाल स्वयं झाड़ू लेकर सड़क पर उतरीं और सफाई अभियान में हिस्सा लिया। उनके इस कदम को लेकर आम लोगों में काफी उत्साह देखा गया।

इस कार्यक्रम में पश्चिम बर्धमान के जिलाधिकारी एस पोन्नाबलम, दुर्गापुर नगर निगम के आयुक्त अबुल कलाम आजाद इस्लाम, नगर एवं शहरी विकास विभाग के अधिकारी तथा सफाई कर्मी मौजूद रहे। ‘निर्मल बंधु’ और ‘निर्मल साथी’ के साथ मंत्री ने बस स्टैंड और आसपास के क्षेत्रों की सफाई की तथा स्थानीय दुकानदारों से बातचीत कर अपने प्रतिष्ठानों और आसपास के इलाके को साफ रखने की अपील की।

शहरवासियों को कड़ा संदेश देते हुए मंत्री अग्निमित्रा पाल ने कहा कि भीड़भाड़ वाले इलाकों, सड़कों या बस स्टैंड पर कचरा फेंकने और पान की पीक डालने की प्रवृत्ति अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ जल्द ही जुर्माने की व्यवस्था लागू की जाएगी। इसके लिए लोगों को पहले से जागरूक किया जा रहा है ताकि वे शहर को स्वच्छ रखने में सहयोग करें।

मंत्री ने यह भी बताया कि जल्द ही मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी एक हेल्पलाइन नंबर का उद्घाटन करेंगे। शहरवासी उस नंबर पर फोन कर कचरे से जुड़ी शिकायतें और समस्याएं दर्ज करा सकेंगे, जिनके समाधान के लिए प्रशासन की ओर से त्वरित कार्रवाई की जाएगी।

सरकार की इस पहल और मंत्री के सीधे मैदान में उतरने से शहर में स्वच्छता को लेकर लोगों की जिम्मेदारी और बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा