अन्नपूर्णा योजना की राशि नहीं मिलने पर महिलाओं ने एसडीओ कार्यालय का किया घेराव
पश्चिम बर्दवान, 20 अगस्त (हि. स.)। राज्य सरकार की अन्नपूर्णा योजना के तहत मिलने वाली तीन हजार राशि का भुगतान नहीं होने से नाराज महिलाओं ने आसनसोल में एसडीओ कार्यालय का घेराव कर विरोध जताया। बड़ी संख्या में महिलाएं कार्यालय पहुंचीं और योजना का लाभ जल्द दिलाने की मांग की।
मिली
जानकारी के अनुसार, 17 अगस्त से राज्यभर में पात्र लाभार्थियों के बैंक खातों में अन्नपूर्णा योजना की राशि भेजने की प्रक्रिया शुरू हुई है। हालांकि, पश्चिम बर्दवान जिले में कई पात्र महिलाएं अब भी राशि मिलने का इंतजार कर रही हैं। इसी को लेकर महिलाओं में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
करीब दो घंटे तक एसडीओ कार्यालय में हंगामा
राशि नहीं मिलने से परेशान दर्जनों महिलाएं आसनसोल सदर एसडीओ कार्यालय पहुंचीं और कार्यालय का घेराव किया। महिलाओं ने एसडीओ साधन देवनाथ के चेंबर के समक्ष अपनी शिकायतें रखीं। करीब दो घंटे तक कार्यालय परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। महिलाओं ने नारेबाजी करते हुए जल्द भुगतान की मांग की।
स्थिति को देखते हुए आसनसोल दक्षिण थाना पुलिस को भी मौके पर बुलाया गया।
प्रदर्शनकारी महिलाओं का कहना था कि उन्होंने ऑनलाइन, ऑफलाइन तथा सरकारी शिविरों के माध्यम से अन्नपूर्णा योजना के लिए आवेदन किया था। कई लाभार्थियों को आवेदन स्वीकृत होने की जानकारी भी मिल चुकी है, लेकिन इसके बावजूद उनके बैंक खातों में पिछले कई महीनों से राशि नहीं पहुंची है।
एक महिला ने अपनी परेशानी बताते हुए कहा कि आवेदन करने के बाद नाम स्वीकृत हो गया, लेकिन खाते में तीन हजार नहीं आए।
महिलाओं का कहना था कि योजना की राशि उनके लिए बेहद महत्वपूर्ण है और भुगतान में देरी से उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
एसडीओ ने महिलाओं को दिया आश्वासन
महिलाओं के प्रदर्शन की जानकारी मिलने के बाद एसडीओ साधन देवनाथ ने उनसे मुलाकात की और उनकी शिकायतें सुनीं। उन्होंने महिलाओं को आश्वासन दिया कि जो भी लाभार्थी योजना के लिए पात्र हैं, उन्हें नियमानुसार योजना का लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा। यदि किसी लाभार्थी के मामले में तकनीकी समस्या या बैंक से संबंधित कोई दिक्कत है, तो उसे दूर कराने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने महिलाओं से धैर्य रखने की अपील की।
एसडीओ के आश्वासन के बाद महिलाओं ने अपना प्रदर्शन समाप्त किया और कार्यालय से लौट गईं। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित समय में उनके खातों में योजना की राशि नहीं पहुंची, तो वे दोबारा आंदोलन करेंगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

