home page

रिटायर्ड ईसीएल कर्मी का शव नाले से बरामद, इलाके में तनाव

 | 

पश्चिम बर्दवान, 12 जून (हि. स.)। कुल्टी थाना अंतर्गत नियामतपुर पुलिस चौकी इलाके में शुक्रवार को एक रिटायर्ड ईसीएल कर्मी का शव संदिग्ध परिस्थिति में नाली से बरामद होने के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल बन गया। मृतक की पहचान नियामतपुर के टहारम कारखाना के पास निवासी आपराद बाउरी के रूप में हुई है। बताया गया कि वह करीब दो महीने पहले बेजडीह कोलियरी से सेवानिवृत्त हुए थे।

परिजनों के अनुसार, गुरुवार को आपराद बाउरी घर से निकले थे लेकिन रात तक वापस नहीं लौटे। इसके बाद परिवार ने उनकी तलाश शुरू की। परिजनों का आरोप है कि डैडी ग्राउंड इलाके में रहने वाले अशोक नूनिया उनके पिता को अक्सर अपने साथ ले जाते थे। परिवार का यह भी आरोप है कि दोनों के बीच सूद पर पैसे के लेन-देन का संबंध था और वहां उनके पिता को शराब पिलाई जाती थी।

परिवार के सदस्यों का कहना है कि गुरुवार को भी अशोक नूनिया ने उन्हें डैडी ग्राउंड बुलाया था। जब देर रात तक वह घर नहीं लौटे तो खोजबीन शुरू की गई। आरोप है कि शुक्रवार सुबह अशोक नूनिया ने ही परिवार को बताया कि आपराद बाउरी नाले में गिरे पड़े हैं। इसके बाद उन्हें वहां से निकाला गया।

घटना से नाराज परिजनों और स्थानीय लोगों ने शुक्रवार दोपहर नियामतपुर इस्को रोड स्थित टहारम कारखाना के पास शव रखकर प्रदर्शन किया और सड़क जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों की पहचान और कड़ी कार्रवाई की मांग की।

सूचना पाकर कुल्टी के एसीपी जावेद हुसैन, कुल्टी थाना और नियामतपुर चौकी की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत कर उचित जांच और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद सड़क जाम समाप्त कराया गया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा