रेजीनगर एवं नंदीग्राम में चुनाव में धांधली का आरोप, पुनर्मतदान की मांग
कोलकाता, 06 अक्टूबर (हि. स.)। रेजीनगर और नंदीग्राम विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव को लेकर पश्चिम बंगाल प्रदेश कांग्रेस ने गंभीर आरोप लगाए हैं। मंगलवार को पत्रकार वार्ता में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शुभंकर सरकार ने दावा किया कि दोनों सीटों पर विपक्षी दलों के एजेंटों को बूथ से बाहर निकालने, कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट करने और मतदाताओं को डराने जैसी घटनाएं हुई हैं। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि कांग्रेस अब चुनाव आयोग को अंतिम पत्र देकर रेजीनगर और नंदीग्राम दोनों विधानसभा क्षेत्रों का चुनाव रद्द कर सभी बूथों पर पुनर्मतदान कराने की मांग करेगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग को कई बार इसकी जानकारी देने के बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
रेजीनगर थाने के सामने कांग्रेस के धरने का उल्लेख करते हुए शुभंकर सरकार ने कहा कि लगभग सभी बूथों पर कांग्रेस के एजेंटों को मारपीट कर बाहर निकाल दिया गया। उनका आरोप है कि भाजपा को छोड़कर किसी अन्य दल के लोग बूथ के अंदर नहीं रह सके। सोमवार रात से ही रेजीनगर थाने के प्रभारी अधिकारी के नेतृत्व में बूथ पर कब्जे की योजना की जानकारी चुनाव आयोग को दी गई थी।
नंदीग्राम को लेकर भी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कई आरोप लगाए। उनका दावा है कि सोमवार रात से ही बाइक और वाहनों के जरिए चंडीपुर, कांथी और हल्दिया से लोगों को नंदीग्राम में लाया गया। उन्होंने कांग्रेस के प्रखंड अध्यक्ष को थाने ले जाकर बैठाए रखने का भी आरोप लगाया। उनके अनुसार, नंदीग्राम के कई बूथों पर प्रभावी रूप से कब्जा कर लिया गया है।
चुनाव संचालन में पुलिस की भूमिका पर भी शुभंकर सरकार ने सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरी तरह पुलिस चुनाव को नियंत्रित कर रही है। कहीं भी आयोग के लोग नहीं हैं। उन्होंने कहा कि यह मतदान नहीं, बल्कि एक प्रहसन में बदल गया है। मुख्यमंत्री के मतदान केंद्र का उल्लेख करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि वहां बूथ के अंदर भगवा कपड़े और सिर पर पट्टी बांधे लोग बैठे थे।
कांग्रेस का दावा है कि अब तक चुनाव आयोग के पास कुल 24 शिकायतें दर्ज कराई गई हैं। हालांकि, किसी भी शिकायत का उचित जवाब नहीं मिला है। कांग्रेस अब चुनाव आयोग को अंतिम पत्र देकर रेजीनगर और नंदीग्राम दोनों विधानसभा क्षेत्रों का चुनाव रद्द कर सभी बूथों पर पुनर्मतदान कराने की मांग करेगी।
शुभंककर सरकार ने यह भी आरोप लगाया कि नंदीग्राम थाने की पुलिस की ओर से कांग्रेस कार्यकर्ताओं और मतदाताओं को धमकी देने का एक ऑडियो सामने आया है। इसके साथ ही उन्होंने मतदान के बाद ईवीएम बदले जाने की आशंका जताते हुए सभी मशीनों को सुरक्षित रखने की मांग की।
नंदीग्राम में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की पिछली जीत को लेकर भी शुभंकर सरकार ने सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि पिछले चुनाव भी निष्पक्ष नहीं थे। चुनाव आयोग की वर्तमान भूमिका पर सीधे सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि जब तक ज्ञानेश कुमार और उनकी टीम जिम्मेदारी संभालती रहेगी, तब तक निष्पक्ष चुनाव को लेकर सवाल बने रहेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

