home page

मालदह से दो संदिग्ध आतंकियों की गिरफ्तारी पर बंगाल भाजपा का तीखा हमला, राज्य सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

 | 
मालदह से दो संदिग्ध आतंकियों की गिरफ्तारी पर बंगाल भाजपा का तीखा हमला, राज्य सरकार पर लगाए गंभीर आरोप


कोलकाता, 22 फ़रवरी (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। रविवार अपराह्न बंगाल भाजपा ने सोशल मीडिया पर एक तीखा बयान जारी करते हुए दावा किया कि दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने राज्य के मालदह जिले से दो संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया है। भाजपा के अनुसार, आरोपित फर्जी आधार कार्ड बनाकर मालदह में ठिकाना बनाकर रह रहे थे।

भाजपा ने सवाल उठाया कि इतने गंभीर मामले की जानकारी राज्य पुलिस को क्यों नहीं मिली। पार्टी का आरोप है कि या तो पुलिस पूरी तरह नाकाम रही, या फिर सब कुछ जानते हुए भी राजनीतिक दबाव में चुप रही। भाजपा ने इस घटना को राज्य सरकार की “गंभीर प्रशासनिक और सुरक्षा विफलता” बताया।

पोस्ट में यह भी कहा गया कि एक ओर बांग्लादेश में कट्टरपंथी संगठनों के उभार की खबरें हैं, वहीं दूसरी ओर पश्चिम बंगाल में कथित तौर पर बांग्लादेशी आतंकियों के ठिकाने बन रहे हैं। भाजपा ने चेतावनी दी कि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए तो आम लोगों की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है।

भाजपा ने एसआईआर की आवश्यकता पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर आरोप लगाया कि वह इस मुद्दे पर कथित रूप से भ्रामक बयान दे रही हैं। पार्टी का कहना है कि यह मामला केवल बंगाल नहीं, बल्कि देश की आंतरिक सुरक्षा से जुड़ा है।

हालांकि, इन आरोपों पर तृणमूल कांग्रेस या राज्य सरकार की ओर से खबर लिखे जाने तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय