home page

मंत्री बनने के बाद पहली बार उत्तर बंगाल पहुंचे दीपक बर्मन, भव्य स्वागत

 | 
मंत्री बनने के बाद पहली बार उत्तर बंगाल पहुंचे दीपक बर्मन, भव्य स्वागत


अलीपुरद्वार, 5 जून (हि.स.)। गत एक जून को पश्चिम के मंत्री के रूप में शपथ लेने के बाद शुक्रवार को फालाकाटा के विधायक दीपक बर्मन पहली बार उत्तर बंगाल पहुंचे हैं। उत्तरबंगा एक्सप्रेस से जैसे ही वे धुपगुड़ी स्टेशन पहुंचे, उनका स्वागत करने के लिए धूपगुड़ी, जलपाईगुड़ी और फालाकाटा के भाजपा नेता और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद थे। पूरे इलाके में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।

स्टेशन से बाहर निकलते ही मंत्री दीपक बर्मन ने उत्तर बंगाल के साथ लंबे समय से हो रही उपेक्षा का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा,

“केंद्र और राज्य नेतृत्व ने मुझ पर जो भरोसा जताया है, उसके लिए मैं आभारी हूं। मेरे अंदर खुशी के साथ-साथ जिम्मेदारी का भी एहसास है। उत्तर बंगाल के साथ लंबे समय से जो उपेक्षा हुई है, उसे दूर करना हमारा मुख्य लक्ष्य है।”

उन्होंने आगे कहा कि वे खुद को किसी एक क्षेत्र तक सीमित नहीं मानते। “मैं सिर्फ फालाकाटा या अलीपुरद्वार का मंत्री नहीं हूं, मुझे पूरे पश्चिम बंगाल की जिम्मेदारी दी गई है। मेरा लक्ष्य है कि उत्तर बंगाल को राज्य के अन्य विकसित क्षेत्रों के बराबर लाया जाए और पूरे राज्य का समग्र विकास सुनिश्चित किया जाए।”

धुपगुड़ी स्टेशन पर उतरने के बाद मंत्री ने स्थानीय मां काली मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद धुपगुड़ी से फालाकाटा तक उन्हें खुले वाहन में ले जाया गया। इस दौरान भव्य बाइक रैली, बैंड-बाजे और नारों के बीच उनका स्वागत किया गया। सड़कों के दोनों ओर बड़ी संख्या में लोग मंत्री की एक झलक पाने के लिए जुटे रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार