भारी बारिश में स्कूल में घुसा घुटने तक पानी, पढ़ाई बाधित
अलीपुरद्वार, 23 जून (हि. स.)। राष्ट्रीय राजमार्ग पर जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने का खामियाजा अब आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है। मंगलवार सुबह हुई भारी बारिश के बाद अलीपुरद्वार एक नंबर ब्लॉक के पलाशबाड़ी स्थित शिलबाड़ीहाट आरआर प्राथमिक विद्यालय में जलजमाव की गंभीर स्थिति पैदा हो गई। बारिश का पानी स्कूल के तीन कक्षाओं में घुस गया। इसके अलावा मिड-डे मील के भोजन क्षेत्र और शौचालय परिसर में भी घुटने तक पानी भर गया, जिससे पढ़ाई पूरी तरह प्रभावित हुई।
विद्यालय के प्रधान शिक्षक दीपंकर भुइयां ने बताया कि स्कूल राष्ट्रीय राजमार्ग के पास स्थित है। सर्विस रोड के किनारे नाली का निर्माण आंशिक रूप से हुआ है, लेकिन नाली की ऊंचाई ज्यादा होने के कारण बारिश का पानी ठीक से बह नहीं पा रहा है। यही वजह है कि स्कूल परिसर में जलजमाव हो गया। इस सरकारी प्राथमिक विद्यालय में करीब 300 छात्र नामांकित है। खराब मौसम के बावजूद मंगलवार को 225 छात्र स्कूल पहुंचे थे। जलजमाव की स्थिति से अभिभावकों में भी काफी नाराजगी देखने को मिली। कई अभिभावकों को अपने बच्चों को गोद में उठाकर पानी से भरे परिसर को पार कराना पड़ा।
वहीं, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण का कहना है कि सड़क और नाली निर्माण का काम अभी जारी है और जहां समस्या सामने आ रही है, वहां सुधार किया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

