बंगाल की खाड़ी का गहरा दबाव तट के करीब, बंगाल में भारी बारिश का अलर्ट
कोलकाता, 24 सितंबर (हि. स.)। बंगाल की खाड़ी में बना गहरा दबाव अब आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तट के करीब पहुंच गया है। हालांकि इसकी गति कुछ कम हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, पिछले छह घंटे में यह करीब पांच किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-पूर्व दिशा में बढ़ा है। फिलहाल यह कलिंगपट्टनम से करीब 30 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में है। बुधवार रात इसके विशाखापत्तनम और गोपालपुर के बीच तट से टकराने की संभावना है।
इस मौसम प्रणाली के प्रभाव से पश्चिम बंगाल के अधिकांश जिलों में गुरुवार तक गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। दक्षिण बंगाल के कई जिलों में भारी बारिश की भी चेतावनी जारी की गई है।
गुरुवार सुबह साढ़े आठ बजे तक दक्षिण 24 परगना, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर तथा झाड़ग्राम के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। दक्षिण 24 परगना और दोनों मेदिनीपुर जिलों के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर तथा झाड़ग्राम के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। दक्षिण 24 परगना, बांकुड़ा, पुरुलिया, बीरभूम, पश्चिम बर्धमान, हावड़ा और कोलकाता के कुछ हिस्सों में भी भारी बारिश हो सकती है। दक्षिण 24 परगना तथा पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर में तेज हवा के साथ बारिश होने की संभावना है।
उत्तर बंगाल के अधिकांश जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। जलपाईगुड़ी, दार्जिलिंग और अलीपुरद्वार के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। कालिम्पोंग, कूचबिहार और उत्तर दिनाजपुर के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है। इस दौरान उत्तर बंगाल के कई हिस्सों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है।
शुक्रवार को भी दक्षिण बंगाल के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने का अनुमान है। बांकुड़ा, पुरुलिया, बीरभूम और पश्चिम बर्धमान के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।
उत्तर बंगाल में जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। दार्जिलिंग, कालिम्पोंग और कूचबिहार के कुछ हिस्सों में भारी बारिश का अनुमान है। उत्तर बंगाल के सभी जिलों में गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, 24 सितंबर की शाम तक पश्चिम-मध्य और उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में 55 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। इसे देखते हुए मछुआरों को 25 सितंबर तक पश्चिम बंगाल, ओडिशा और आंध्र प्रदेश के समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

