home page

स्वयं सहायता समूह ऋण अनियमितता पर पंचायत कार्यालय में विरोध प्रदर्शन

 | 
स्वयं सहायता समूह ऋण अनियमितता पर पंचायत कार्यालय में विरोध प्रदर्शन


खड़गपुर, 09 जुलाई (हि.स.)। पश्चिम मेदिनीपुर जिले के डेबरा प्रखंड की सत्यपुर ग्राम पंचायत में स्वयं सहायता समूहों के नाम पर बैंक से ऋण लेकर करोड़ों रुपये के कथित गबन के आरोप में समूह की महिलाओं ने पंचायत कार्यालय पर ताला लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। इसके कारण पंचायतकर्मियों को देर शाम तक कार्यालय में ही रहना पड़ा। बाद में स्थानीय विधायक द्वारा मामले की जांच का आश्वासन दिए जाने पर प्रदर्शनकारियों ने ताला खोला।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, सत्यपुर ग्राम पंचायत में लगभग साढ़े चार सौ स्वयं सहायता समूह हैं। इनमें से अधिकांश समूह संघमित्रा संघ के अधीन कार्य करते थे, जिसकी सचिव मालविका बेरा हैं।

आरोप है कि विभिन्न स्वयं सहायता समूहों के नाम पर बैंक से ऋण लेकर उसकी राशि का दुरुपयोग एवं गबन किया गया। इस आरोप को लेकर एक सप्ताह पूर्व भी क्षेत्र में व्यापक विरोध प्रदर्शन हुआ था। आरोप सामने आने के बाद से मालविका बेरा लापता बताई जा रही हैं। पुलिस ने उनके पति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था, हालांकि बाद में उन्हें छोड़ दिया गया। उस समय प्रशासन ने सात दिनों के भीतर जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया था।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि प्रशासन ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया, जिसके विरोध में बुधवार को पंचायत कार्यालय पर ताला लगाकर प्रदर्शन किया गया।

प्रदर्शनकारी महिलाओं का दावा है कि कम से कम तीन करोड़ रुपये का गबन हुआ है। वहीं प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में लगभग 60 से 70 लाख रुपये की वित्तीय अनियमितता के संकेत मिले हैं। शेष राशि के संबंध में जांच जारी है।

डेबरा के प्रखंड विकास अधिकारी प्रियब्रत राढ़ी ने बताया कि मालविका बेरा के विरुद्ध थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस के अनुसार, वह फरार हैं तथा उनकी तलाश में अभियान चलाया जा रहा है।

गुरुवार डेबरा के भाजपा विधायक शुभाशीष ओम ने कहा कि उन्होंने प्रदर्शनकारियों की शिकायत सुनी है तथा प्रशासन को भी पूरे मामले से अवगत कराया है। उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को न्याय मिलना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता