home page

डेबरा में भीषण सड़क हादसा, जीजा-साले की मौत; एनएच-16 पर फिर उठे सुरक्षा पर सवाल

 | 
डेबरा में भीषण सड़क हादसा, जीजा-साले की मौत; एनएच-16 पर फिर उठे सुरक्षा पर सवाल


डेबरा, 30 अगस्त (हि. स.)। डेबरा के चंडाबुड़ी मंदिर के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-16 पर हुए भयावह सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। मृतक आपस में जीजा-साले बताए गए हैं। मृतकों की पहचान बालिचक निवासी अरुण सूर (48) और चंद्रकोना रोड निवासी अभिषेक सिन्हा (25) के रूप में हुई है।

सूत्रों के अनुसार, दुर्घटना रविवार तड़के करीब 2:30 बजे कोलकाता जाने वाली लेन में हुई।

जानकारी के अनुसार, दोनों एक निजी कार से खड़गपुर की ओर से डेबरा की तरफ जा रहे थे। चंडाबुड़ी मंदिर के पास अचानक कार अनियंत्रित हो गई और आगे चल रहे एक वाहन के पीछे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद अरुण और अभिषेक कार के अंदर गंभीर रूप से घायल अवस्था में फंसे हुए थे। स्थानीय लोगों ने दोनों को कार से बाहर निकालकर डेबरा सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।

हादसे में दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। दुर्घटना की खबर पाकर बालिचक और चंद्रकोना रोड स्थित दोनों परिवारों में शोक की लहर दौड़ गई।

राष्ट्रीय राजमार्ग-16 पर लगातार हो रहे हादसों ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और वाहन चालकों की सतर्कता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय