धान रोपाई से लौट रहे मजदूरों पर गिरी बिजली, दो की मृत्यु
खड़गपुर, 05 अगस्त (हि. स.)। पश्चिम मेदिनीपुर जिले के डेबरा थाना अंतर्गत राधामोहनपुर के तूरिन गांव में बुधवार अपराह्न आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। धान की रोपाई का काम समाप्त कर घर लौट रहे खेतिहर मजदूर अचानक वज्रपात की चपेट में आ गए। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। इनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सभी मजदूर खेत से एक साथ वापस लौट रहे थे। इसी दौरान मौसम अचानक बदला और तेज गर्जन के साथ बिजली गिर गई। वज्रपात इतना तीव्र था कि दो लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए। घटना की सूचना पाकर डेबरा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। घायलों को तत्काल स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
इसी दिन पश्चिम मेदिनीपुर जिले के नारायणगढ़ थाना क्षेत्र के ठेंगामारा गांव में भी वज्रपात की एक अन्य घटना में किसान तापस साबड़ा (50) की मृत्यु हो गई। वह खेत में धान की खेती कर रहे थे, तभी अचानक आकाशीय बिजली गिरने से गंभीर रूप से झुलस गए। ग्रामीण उन्हें मकरामपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
विधायक रमाप्रसाद गिरी ने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर शोक व्यक्त किया और हर संभव सरकारी सहायता का आश्वासन दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

