डेबरा में खाद्य दुकानों पर छापा, सड़ा-बासी खाना मिला
खड़गपुर, 02 सितंबर (हि. स.)। पश्चिम मेदिनीपुर जिले के डेबरा प्रखंड के डेबरा बाजार में बुधवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारियों और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कई खाद्य दुकानों, होटलों तथा बिरयानी दुकानों में अभियान चलाया। इस दौरान अधिकारियों को कई दुकानों में सड़े और बासी खाद्य पदार्थ मिले। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने खराब खाद्य पदार्थों को नष्ट कराया और संबंधित दुकानदारों पर जुर्माना लगाया।
मिली जानकारी के अनुसार, डेबरा बाजार में खाद्य सुरक्षा अधिकारी के प्रतिनिधि दल और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कई खाद्य दुकानों, होटलों और बिरयानी दुकानों की जांच की। जांच के दौरान अधिकारियों की नजर वहां रखे बासी खाद्य पदार्थों पर पड़ी। कई खाद्य पदार्थों में फफूंद भी लगी हुई थी।
अभियान के दौरान अधिकारियों ने सड़े और बासी चिकन, चावल सहित कई खाद्य पदार्थों को नष्ट कराया। साथ ही दुकानों से संबंधित आवश्यक कागजात और दस्तावेजों की भी जांच की गई।
बताया गया है कि जांच के दौरान नियमों में अनियमितता मिलने पर संबंधित दुकानदारों पर मोटी राशि का जुर्माना भी लगाया गया है। इसके अलावा कुछ मामलों में संबंधित लोगों को जिले के विभागीय कार्यालय में उपस्थित होने के लिए कहा गया है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों और स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई से डेबरा बाजार के खाद्य कारोबारियों में हड़कंप मच गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

