भाजपा युवा नेता पर हमले का आरोप, तृणमूल ने नकारा
पश्चिम मेदिनीपुर, 01 मई (हि.स.)। जिले के डेबरा ब्लॉक के श्यामचक इलाके में गुरुवार देर रात एक भाजपा युवा नेता पर हमला होने की घटना से इलाके में हलचल मच गई है। इस घटना को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, भाजपा के युवा नेता दिव्येंदु राय गुरुवार देर रात करीब एक बजे डेबरा से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान श्यामचक इलाके में कुछ लोगों ने उन पर हमला कर दिया। दिव्येंदु का आरोप है कि हमलावर तृणमूल कांग्रेस से जुड़े हुए थे।
बताया जा रहा है कि हमलावरों ने लाठी से उनके सिर पर वार किया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें घायल अवस्था में डेबरा सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
शुक्रवार सुबह, तृणमूल कांग्रेस ने इन आरोपों को पूरी तरह से खारिज कर दिया है। छह नंबर जलिमांदा क्षेत्र के तृणमूल अध्यक्ष सुबल राणा का कहना है कि युवक का किसी के साथ निजी विवाद था और इस घटना का राजनीति से कोई संबंध नहीं है।
खबर लिखे जाने तक इस मामले में थाने में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

