अवैध जमीन कब्जा मामले में तृणमूल विधायक देबाशीष कुमार को ईडी का समन
कोलकाता, 30 मार्च (हि.स.)। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सोमवार को पश्चिम बंगाल में कथित अवैध जमीन कब्जा मामले में दक्षिण कोलकाता के रासबिहारी विधानसभा क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस विधायक और कोलकाता नगर निगम के मेयर-इन-काउंसिल सदस्य देबाशीष कुमार को पूछताछ के लिए समन जारी किया है।
रिपोर्ट लिखे जाने तक देबाशीष कुमार साल्ट लेक स्थित केंद्रीय सरकारी कार्यालय परिसर में ईडी दफ्तर पहुंच चुके थे, जहां उनसे मामले में पूछताछ की जा रही है। इस बार भी उन्हें रासबिहारी विधानसभा सीट से पार्टी ने उम्मीदवार बनाया है।
सूत्रों के अनुसार, 28 मार्च को ईडी अधिकारियों ने इस जमीन कब्जा मामले में कोलकाता और आसपास के इलाकों में छापेमारी की थी। इस दौरान एक संगठन के कार्यालय तथा उससे जुड़े अधिकारियों के आवासों पर भी तलाशी अभियान चलाया गया था।
जांच एजेंसी को शिकायत मिले हैं कि संबंधित संगठन ने निवेशकों को अधिक मुनाफे का लालच देकर योजनाओं में पैसा लगवाया और बाद में कथित रूप से धोखाधड़ी की। जांच के दौरान देबाशीष कुमार का नाम सामने आने के बाद ईडी ने उन्हें पूछताछ के लिए तलब किया।
बताया जा रहा है कि ईडी ने इस मामले की जांच राज्य के विभिन्न थानों में दर्ज लगभग 17 प्राथमिकी के आधार पर शुरू की थी। 28 मार्च की कार्रवाई के दौरान एजेंसी ने संगठन के खातों की जांच की और उसके निदेशकों तथा वरिष्ठ अधिकारियों से भी पूछताछ की।
जांच के दौरान पूछताछ में देबाशीष कुमार का नाम सामने आने के बाद एजेंसी ने उनसे सीधे पूछताछ करने का निर्णय लिया।
इस घटनाक्रम पर तृणमूल कांग्रेस नेतृत्व ने आरोप लगाया है कि आगामी दो चरणों में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले केंद्र सरकार केंद्रीय एजेंसियों का उपयोग कर पार्टी नेताओं और उम्मीदवारों को परेशान कर रही है और कुमार को भेजा गया समन इसका उदाहरण है।
वहीं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज्य नेताओं ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि ईडी की जांच अदालत के आदेश के आधार पर हो रही है, इसलिए इसमें केंद्र सरकार या भाजपा की किसी भूमिका का सवाल ही नहीं उठता।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

